Cyclone Alert: ओडिशा में 5 जिलों के स्कूल बंद, अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर 5 संवेदनशील जिलों में स्कूल-कॉलेज 28 और 29 अक्टूबर को बंद रहेंगे। इसके साथ ही प्रशासन ने सभी जिलाधिकारियों और महत्वपूर्ण विभागों के अफसरों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के तट से 28 अक्टूबर को एक भीषण चक्रवाती तूफान के टकराने की आशंका के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने रविवार को इसके प्रभाव से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाकों में कर्मचारी तथा जरूरी उपकरण तैनात किए जा रहे हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने नवीनतम बुलेटिन में कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव का क्षेत्र एक ‘बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान’ के रूप में तब्दील होकर आंध्र प्रदेश में बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट को पार कर सकता है। इस दौरान 115-125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और इसके बढ़कर 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात 28 अक्टूबर को दोपहर से पहले तट से टकरा सकता है, जिसका संभावित स्थान ओडिशा के गोपालपुर से करीब 300 किलोमीटर दूर है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि हालांकि इस तूफान के आंध्र प्रदेश में तट से टकराने का अनुमान है लेकिन ओडिशा सरकार कोई जोखिम नहीं लेगी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा, संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार का लक्ष्य आपदा के दौरान जानमाल के नुकसान को रोकना है।
इस बीच, चक्रवात के मद्देनजर सरकार ने एक अलग आदेश जारी कर सभी जिलाधिकारियों और महत्वपूर्ण कार्यालयों में तैनात अन्य अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को तत्काल अपने-अपने मुख्यालय लौटने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि चक्रवात के कारण ओडिशा के दक्षिणी और तटीय जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। उन्होंने बताया कि गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों पर तूफान का सबसे अधिक असर पड़ सकता है जबकि अन्य तटीय इलाकों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने इन पांच जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को सभी विद्यालयों, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश दिया है।
अन्य जिलों में शैक्षणिक संस्थान बंद करने का फैसला वहां के जिलाधिकारी स्थिति के आकलन के आधार पर करेंगे। इस बीच, आईएमडी ने 27 से 29 अक्टूबर तक पूरे ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर के लिए रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरि, गजपति और गंजाम जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बहुत भारी बारिश होने और कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मछुआरों को 24 अक्टूबर से समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
अन्य न्यूज़













