रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान में मदद को तैयार भारत, PM Modi ने Zelenskyy से की बात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ फोन पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के सभी शांति प्रयासों में सहयोग देने को तत्पर है। उन्होंने बातचीत और कूटनीति के जरिए समस्या सुलझाने के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को दोहराया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर भी सहमति जताई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान मोदी ने कहा कि रूस के साथ जारी संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों में भारत योगदान देने के लिए तैयार है। मोदी ने भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को फिर से रेखांकित किया और इस बात को दोहराया कि संघर्ष का समाधान बातचीत एवं कूटनीति के माध्यम से ही निकाला जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मोदी ने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों में योगदान देने की भारत की इच्छा जताई। इस दौरान, जेलेंस्की ने जारी संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर अपना रुख व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने भारत तथा यूक्रेन के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ टेलीफोन पर सार्थक बातचीत हुई। हमने अपने व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की तथा भारत-यूक्रेन संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने राष्ट्रपति जेलेंस्की को जारी संघर्ष, इसके मानवीय पहलुओं और शांति बहाल करने के विभिन्न प्रयासों पर उनके विचार साझा करने के लिए धन्यवाद दिया। मैंने शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हरसंभव तरीके से योगदान देने के भारत के दृढ़ संकल्प को दोहराया।’’ अगस्त में, जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन को ‘‘रूस के साथ युद्ध खत्म करने में भारत के योगदान’’ की उम्मीद है।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यूक्रेन ‘‘शांति और बातचीत’’ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की सराहना करता है। उन्होंने कहा, ‘‘अब, जब पूरी दुनिया इस भयानक युद्ध को सम्मान और स्थायी शांति के साथ समाप्त करने का प्रयास कर रही है, तो हमें भारत के योगदान की उम्मीद है।’’ अक्टूबर में, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि यूक्रेन संघर्ष के समाधान को लेकर मोदी के पास ‘‘बहुत अच्छे विचार’’ हैं और वह ‘‘हर मुलाकात’’ में यह मुद्दा उठाते हैं। पुतिन ने कहा, ‘‘युद्ध खत्म करने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी के रुख की बात करें तो, वह दुनिया के उन नेताओं में से हैं जो - हमारे बहुत अच्छे और मित्रवत संबंधों (यहां तक कि व्यक्तिगत स्तर पर भी) के बावजूद - लगातार यह मुद्दा उठाते हैं और यूक्रेन में जारी संघर्ष को खत्म करने के बारे में सवाल पूछते हैं।’’ क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने भी कहा है कि भारत ने यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने में सार्थक योगदान देने की इच्छा जताई है, और रूस इसके लिए नयी दिल्ली का आभारी है।
अन्य न्यूज़













