Parliament Budget Session 2026 Live Updates । क्या Speaker के खिलाफ आएगा No-Confidence Motion? संसद में विपक्ष का जोरदार हंगामा, कार्यवाही स्थगित

Parliament Budget Session 2026 Live Updates
X
एकता । Feb 9 2026 12:17PM

संसद में विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाने का संकेत दिया, जिससे हुए हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। इससे पहले, सदन ने अंडर-19 क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत का जश्न मनाया था।

लोकसभा और राज्यसभा में सोमवार को भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत का जश्न मनाया गया। सदन के अध्यक्ष ओम बिरला और सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने टीम को बधाई दी। विशेष रूप से वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी की सराहना की गई, जिन्होंने 175 रन बनाकर भारत को रिकॉर्ड छठी बार चैंपियन बनाया। सांसदों ने मेजें थपथपाकर खिलाड़ियों के अनुशासन और टीम वर्क की तारीफ की और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

दूसरी ओर, संसद में राजनीतिक खींचतान भी देखने को मिली। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। विपक्षी दलों ने अध्यक्ष के पक्षपातपूर्ण व्यवहार की शिकायत करते हुए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के संकेत दिए हैं। हंगामे और नोकझोंक के कारण सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा। विपक्ष का कहना है कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है।

All the updates here:

Feb 09, 2026

18:26

बजट वास्तविक स्थिति से बिल्कुल उलट है : रास में विपक्ष

सरकार पर बजट में बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने तथा उसके अनुकूल काम न करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के एक सदस्य ने सोमवार को राज्यसभा में दावा किया कि बजट का वास्तविक स्थिति से कोई लेना देना नहीं है। उच्च सदन में बजट 2026-27 पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, ‘‘बजट का वास्तविक स्थिति से कोई लेना देना नहीं है, शायद इसीलिए इस बजट को ‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया’ कहा जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह बजट गांव, गरीब, सामाजिक न्याय की हकमारी का बजट है क्योंकि वे लोग पूरी तरह उपेक्षित हैं। पिछले साल वित्त मंत्री ने कई तरह के मिशन, मखाना बोर्ड और नमो ड्रोन दीदी की बात की। इन सभी मिशन की इस बजट में कोई चर्चा नहीं हुई।’’ सुरजेवाला ने कहा कि मखाना बोर्ड बनाने की घोषणा ही साढ़े सात महीने बाद हुई, 13 दिसंबर 2025 को इसकी पहली बैठक हुई और उसके बाद बजट में उसके लिए कुछ नहीं कहा गया।

Feb 09, 2026

18:26

किसानों का धैर्य समाप्त हो रहा: कांग्रेस

सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस की रजनी अशोक पाटिल ने सोमवार को राज्यसभा में दावा किया कि अब तक किसानों की समस्याएं हल नहीं हो पाई हैं। उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए रजनी ने कहा कि अपनी समस्याओं के हल की उम्मीद कर रहे किसानों का धैर्य समाप्त होता जा रहा है और उनकी आत्महत्या का सिलसिला थम नहीं रहा है। उन्होंने सरकार से देश के अन्नदाता की आमदनी दोगुनी करने, उसकी परेशानियां दूर करने का वादा पूरा करने की अपील की। 

Feb 09, 2026

18:26

बजट में पूंजीगत व्यय में कमी का दावा गलत: भाजपा

बजट में पूंजीगत व्यय कम करने के कांग्रेस के आरोप को खारिज करते हुए भाजपा सांसद अरुण सिंह ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि सरकार ने पूंजीगत व्यय में कमी लाए बिना राजकोषीय घाटे को कम करने की घोषणा की है, जो सराहनीय है। उच्च सदन में आम बजट 2026-27 पर चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा के अरुण सिंह ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार बजट पेश किया, जो एक इतिहास है। उन्होंने कहा कि 53.5 लाख करोड़ रूपये का कुल बजट है जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार में बजट का कुल आकार 16.65 लाख करोड़ रूपये था यानी बजट का आकार तीन गुना बढ़ गया है। उन्होंने कांग्रेस नेता पी चिदंबरम की इस आलोचना को खारिज कर दिया कि बजट में पूंजीगत व्यय को कम किया गया है। भाजपा सदस्य ने कहा कि बजट में कुल मिलाकर साढ़े बारह लाख करोड़ रूपये का पूंजीगत व्यय है, जो कांग्रेस नीत सरकार के समय दो से ढाई लाख करोड़ रूपये के बीच में हुआ करता था। 

Feb 09, 2026

16:21

सुष्मिता देव का केंद्र पर वार

राज्यसभा में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस सांसद सुष्मिता देव ने केंद्र सरकार पर पश्चिम बंगाल के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए उसे आगाह किया कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में राष्ट्रीय नागरिकता पंजी (एनआरसी) लागू करने का जो प्रयास कर रही है, वह उस पर उलटा पड़ेगा। उच्च सदन में बजट 2026-27 पर चर्चा में भाग लेते हुए सुष्मिता ने कहा कि केंद्र सरकार जिस तरह से कुछ राज्यों के साथ भेदभाव कर रही है, उससे भारत को विकसित देश बनाने में मदद नहीं मिलेगी। 

Feb 09, 2026

16:21

पी चिदंबरम का आरोप

राज्यसभा में सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने घटते पूंजीगत व्यय पर चिंता जताते हुए कहा कि आम बजट 2026-27 में इसे बढ़ाने के लिए कुछ नहीं किया गया है तथा यह एक ऐसा बजट है जिसे भुला दिया जाना चाहिए। उच्च सदन में चिदंबरम ने बजट 2026-27 पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि सरकार ने पूंजीगत व्यय में कटौती है। उन्होंने कहा कि 1,44,376 करोड़ रूपये के पूंजीगत व्यय में कमी की गयी हैं जिसमें केंद्र के पूंजीगत व्यय में 25,335 करोड़ रूपये तथा राज्यों के पूंजीगत व्यय में 1,19,041 करोड़ रूपये की कमी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को क्या इस बात का स्पष्टीकरण नहीं देना चाहिए कि राज्यों को धन क्यों नहीं दिया गया या कोष जारी करने के समय शर्तें क्यों लगायी गयीं ?

Feb 09, 2026

16:20

ओम बिरला से मिले राहुल और कुछ अन्य विपक्षी नेता

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कुछ अन्य विपक्षी नेताओं के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाक़ात की और उन्हें उन मुद्दों से अवगत कराया जिन्हें वे सदन में उठाना चाहते हैं। यह बैठक कुछ ही मिनट चली। यह उस समय हुई जब लोकसभा में बजट पर चर्चा से पहले राहुल गांधी को अन्य विषय पर आसन से बोलने की अनुमति नहीं मिलने के बीच कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की बैठक दो बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। सूत्रों के मुताबिक गांधी ने अध्यक्ष से कहा कि वह आठ कांग्रेस सांसदों के निलंबन का मुद्दा और संसद से जुड़े अन्य विषयों को उठाना चाहते हैं, जिनमें महिला सांसदों के ख़िलाफ़ लगाए गए आरोप भी शामिल हैं। बिरला ने बीते बृहस्पतिवार को कहा था कि इससे एक दिन पहले कांग्रेस के कई सदस्य सदन के नेता (प्रधानमंत्री) की सीट के पास पहुंचकर किसी अप्रत्याशित घटना को अंजाम देना चाहते थे, इसलिए उनके अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदन में नहीं आए।

Feb 09, 2026

16:20

प्रमोद तिवारी का आरोप

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में स्थापित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में अब तक पर्याप्त संसाधन नहीं होने का दावा करते हुए कांग्रेस के प्रमोद तिवारी ने सोमवार को राज्यसभा में आरोप लगाया कि यह संस्थान राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार हो रहा है क्योंकि इसकी आधारशिला कांग्रेस नेता और रायबरेली की तब की सांसद सोनिया गांधी ने रखी थी। तिवारी ने उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन में मौजूद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि आठ अक्टूबर 2013 को संप्रग सरकार के दूसरे कार्यकाल में इस गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एम्स की आधारशिला रखी थी। तब वह रायबरेली संसदीय सीट से सांसद थीं और ‘‘मैं दो बार आपसे (नड्डा से) इस संस्थान में संसाधनों के अभाव को लेकर मिल भी चुका हूं।’’

Feb 09, 2026

16:20

पीयूष गोयल के खिलाफ द्रमुक सदस्य ने दिया नोटिस

राज्यसभा में सोमवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम के सदस्य तिरुचि शिवा ने कहा कि उन्होंने मौजूदा संसद सत्र के दौरान, भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते का विवरण सदन के बाहर देने को लेकर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। उच्च सदन की कार्यवाही शुरू होने पर शिवा ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “मैंने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। संसद सत्र के दौरान सदन के बाहर सरकार के नीतिगत निर्णय से जुड़ी जानकारी देना सदन के विशेषाधिकार का उल्लंघन है।” 

Feb 09, 2026

14:17

लोकसभा दिनभर के लिए स्थगित

Feb 09, 2026

14:17

कांग्रेस की महिला सांसदों का बिरला को पत्र

कांग्रेस की महिला सांसदों ने सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर उन पर सरकार के निरंतर दबाव में काम करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें सदन के निष्पक्ष संरक्षक के रूप में कार्य करना चाहिए। उन्होंने यह पत्र उस वक्त लिखा है जब बिरला ने बीते बृहस्पतिवार को कहा था कि इससे एक दिन पहले कांग्रेस के कई सदस्य सदन के नेता (प्रधानमंत्री) की सीट के पास पहुंचकर किसी अप्रत्याशित घटना को अंजाम देना चाहते थे, इसलिए उनके अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदन में नहीं आए। इस पत्र पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, सांसद वर्षा गायकवाड़, ज्योति मणि और कुछ अन्य महिला सांसदों के हस्ताक्षर हैं। कांग्रेस की महिला सांसदों ने पत्र में लिखा, हम यह पत्र गहरे दुःख और संवैधानिक दायित्व की भावना के साथ लिख रहे हैं। 

Feb 09, 2026

13:10

विपक्षी सदस्यों ने बहिर्गमन किया

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने की अनुमति न दिए जाने पर विरोध जताते हुए विपक्षी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया।

Feb 09, 2026

13:10

कार्यवाही दो बजे तक के लिए

लोकसभा में सोमवार को कांग्रेस सदस्यों ने आसन से आग्रह किया कि केंद्रीय बजट पर चर्चा की शुरुआत से पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने दिया जाए, हालांकि आसन से इसकी अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद सदन में हुई नोकझोंक के कारण कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद जब दोपहर 12 बजे शुरू हुई तो पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने आवश्यक कागजात सदन में रखवाए। इसके बाद उन्होंने जैसे ही बजट पर चर्चा के लिए पहले वक्ता के रूप में कांग्रेस सांसद शशि थरूर का नाम पुकारा तो नेता प्रतिपक्ष ने सदन में अपनी बात रखने की इच्छा जाहिर की। राहुल गांधी का कहना था कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि वह बजट पर चर्चा से पहले बोल सकते हैं। हालांकि, पीठासीन सभापति ने कहा कि इस बारे में स्पष्टीकरण लेने के बाद वह अनुमति देंगे।

Feb 09, 2026

13:09

बिरला के खिलाफ अविश्चास प्रस्ताव?

कांग्रेस ने विपक्ष द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी संबंधी खबरों को लेकर सोमवार को कहा कि ‘कार्रवाई का इंतजार कीजिए।’ पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह भी आरोप लगाया कि अब सदन में विपक्ष के लिए कोई जगह नहीं रह गई है। बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने संबंधी खबरों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वेट फॉर ऐक्शन्स (कार्रवाई का इंतजार कीजिए)।’’ वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘आप देख रहे हैं कि संसद में क्या हो रहा है। लोकतंत्र में नेता प्रतिपक्ष ‘शैडो प्राइम मिनिस्टर’ (छाया प्रधानमंत्री) होता है। लेकिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। सत्तापक्ष के लोगों को कुछ भी बोलने की छूट दी जा रही है, यहां तक कि वे अपमानजनक टिप्पणियां भी कर रहे हैं।’’ 

Feb 09, 2026

13:09

संसद ने अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी

संसद के दोनों सदनों में पिछले सप्ताह शुक्रवार को अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम को सोमवार को बधाई दी गई। लोकसभा की बैठक शुरू होने पर सदन के अध्यक्ष ओम बिरला ने गत छह फरवरी को जिम्बाब्वे के हरारे में आयोजित फाइनल मैंच में इंग्लैंड पर भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम की जीत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ‘‘अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप जीतकर भारतीय टीम ने देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।’’ बिरला ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने अद्भुत कौशल,दृढ़ संकल्प, अनुशासन और टीम वर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अध्यक्ष ने अंडर-19 क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘उनकी उपलब्धि से देश के युवाओं को प्रेरणा मिली है।’’ 

अन्य न्यूज़