Palghar में अस्पतालकर्मी पर हमले के बाद Shiv Sena ने 6 और पदाधिकारियों को किया निलंबित

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र में एक निजी अस्पताल के कर्मचारी से मारपीट के मामले में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ने सख्त कदम उठाया है। विधायक के बेटे और जिला अध्यक्ष सहित छह पदाधिकारियों पर अनुशासनहीनता के तहत निलंबन की गाज गिरी है। घायल दही-हांडी प्रतिभागी के इलाज और बिल को लेकर अस्पताल में विवाद हुआ था।

पालघर, आठ सितंबर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने मंगलवार को यहां एक निजी अस्पताल के कर्मचारी पर हुए हमले के मामले में पार्टी के विधायक के बेटे और पालघर जिला अध्यक्ष समेत करीब आधा दर्जन और पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल द्वारा एक दिन पहले अपने पालघर शहर अध्यक्ष राहुल घरात को निलंबित किए जाने के बाद की गई है। घरात को रविवार को रिलीफ अस्पताल के कर्मचारी पर हमले के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

शिवसेना के सचिव संजय मोरे ने बताया कि शिंदे के निर्देश पर पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार और अनुशासन के गंभीर उल्लंघन के कारण ताजा निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबित किए गए सदस्यों में शिवसेना के पालघर जिला अध्यक्ष कुंदन सांखे और उप तालुका प्रमुख रोहित शामिल हैं। रोहित स्थानीय विधायक राजेंद्र गावित के बेटे हैं।

यह घटना रविवार तड़के उस समय हुई, जब घायल दही-हांडी प्रतिभागी (गोविंदा) के इलाज और बकाया बिल को लेकर विवाद हो गया। उसे पालघर शहर के रिलीफ अस्पताल लाया गया था। आरोप है कि शिवसेना के कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल में घुस गए, हंगामा किया और एक कर्मचारी के साथ मारपीट की।

शिंदे ने सोमवार को अस्पताल और उसके कर्मचारी पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़