Om Mathur ने केरलम के 29वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तिरुवनंतपुरम स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में न्यायमूर्ति सौमेन सेन ने ओम प्रकाश माथुर को पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री वी डी सतीशन समेत कई प्रमुख राजनीतिक नेता उपस्थित रहे।

ओम प्रकाश माथुर ने शुक्रवार को यहां लोक भवन में आयोजित समारोह में केरलम के 29वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सौमेन सेन ने माथुर को पद की शपथ दिलाई।

समारोह में मुख्यमंत्री वी डी सतीशन और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य शामिल हुए। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी इस अवसर पर मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी नियुक्ति आदेश पढ़कर सुनाया गया।

इसके बाद माथुर ने पद की शपथ ली। माथुर राजस्थान के पाली जिले की बाली तहसील के बेड़ल गांव से हैं। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक के रूप में सार्वजनिक जीवन में कदम रखा।

वह राजस्थान से राज्यसभा सदस्य भी रहे। माथुर ने राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का स्थान लिया है, जिन्हें तमिलनाडु का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़