UP MLC Elections: 11 सीटों पर सुबह 10 बजे तक 8.58 फीसदी वोटिंग दर्ज

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हुआ। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र में 10 बजे तक सबसे ज्यादा 14.05 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर सबसे कम 3.75 प्रतिशत वोट पड़े। मतपत्रों के जरिए हो रहे इस चुनाव में वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीट के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ और शुरुआती दो घंटों में 8.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन सीट में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इन चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
पूर्वाह्न 10 बजे तक गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सर्वाधिक 14.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13.02 प्रतिशत मतदान हुआ। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 3.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ये चुनाव 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे हैं और इन्हें दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल माना जा रहा है।
चुनाव प्रचार बृहस्पतिवार शाम समाप्त हुआ था। लखनऊ में मतदान के लिए 259 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,16,491 पंजीकृत मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। मतदान शाम चार बजे तक जारी रहेगा।
इन चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के बजाय मतपत्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी हैं, जबकि छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद हैं। ये निर्वाचन क्षेत्र राज्य के सभी 75 जिलों में फैले हुए हैं, लेकिन केवल पंजीकृत स्नातक और शिक्षक मतदाता ही वोट डालने के पात्र हैं।
गौतमबुद्ध नगर जिले में मेरठ स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए 13 मतदान केंद्रों में बनाए गए 42 बूथ पर मतदान जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 12,754 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 13,104 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में पाबंदियां लगाई गई हैं।
राजनीतिक दल इस दायरे के बाहर ही अपनी मेजें लगा सकते हैं और प्रतिबंधित क्षेत्र में पोस्टर, झंडे, लाउडस्पीकर एवं चुनाव प्रचार सामग्री ले जाने पर रोक है। बिना अनुमति वाहन खड़े करने और भीड़ जमा करने पर भी पाबंदी है। मतों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी।
अन्य न्यूज़













