Odisha Weather Alert: 5 जिलों में मूसलाधार बारिश का Red Alert, IMD ने जारी की चेतावनी

Monsoon updates
ANI

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी पर बने एक मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र के कारण ओडिशा के पांच जिलों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अतिरिक्त, राज्य के कई अन्य जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट भी प्रभावी हैं, और इस मौसम प्रणाली के अगले तीन दिनों तक सक्रिय रहने का अनुमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को ओडिशा के पांच जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब और अधिक मजबूत हो गया है। अधिकारियों के अनुसार यह चेतावनी कंधमाल, बौध, अंगुल, संबलपुर और सोनपुर जिलों के लिए जारी की गई है।

मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र आज, चार जुलाई 2026 को साढ़े आठ बजे से उसी क्षेत्र में बना हुआ है। इसके अगले तीन दिनों के दौरान उत्तरी ओडिशा और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने का अनुमान है।’’

भुवनेश्वर स्थित मौसम विभाग के अनुसार आठ और जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। जिन जिलों के लिए यह चेतावनी जारी की गई है उनमें कालाहांडी, गजपति, गंजम, नयागढ़, कटक, ढेंकनाल और क्योंझर शामिल है। इसके अलावा मौसम विभाग ने राज्य के बाकी 17 जिलों के लिए बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़