मदुरै में हिस्ट्रीशीटर सूर्या उर्फ कुट्टीसाकू की धारदार हथियारों से हत्या

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तमिलनाडु के मदुरै जिले में समयनल्लूर के पास एक पुराने पंचायत कार्यालय में शराब पी रहे 10 से अधिक मामलों के आरोपी सूर्या की कुछ हमलावरों ने धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए और पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से मामले की जांच कर रही है।

मदुरै (तमिलनाडु), दो नवंबर तमिलनाडु के मदुरै जिले में समयनल्लूर के पास रविवार देर रात अज्ञात हमलावरों के एक गिरोह ने एक कुख्यात अपराधी की धारदार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान समयनल्लूर के सदाचियम्मन नगर निवासी सूर्या उर्फ कुट्टीसाकू के रूप में हुई है।

उसके खिलाफ हत्या और मारपीट समेत 10 से अधिक आपराधिक मामले लंबित थे। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार देर रात करीब दो बजे की है, जब सूर्या मदुरै-दिंडीगुल राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पुराने पंचायत कार्यालय परिसर में बैठकर शराब पी रहा था। पुलिस ने बताया कि इस दौरान हथियारों से लैस कुछ लोग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हमले में सूर्या का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर समयनल्लूर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मदुरै के राजाजी सरकारी अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच से पता चला है कि हत्या का कारण पुरानी दुश्मनी और बदला लेने की भावना हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है और गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश कर रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़