Jammu में MedTech सम्मेलन: सेना की Northern Command प्रमुख ने परखे आधुनिक मेडिकल उपकरण

सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने जम्मू के एक सैन्य अस्पताल में आयोजित मेडटेक सम्मेलन का दौरा किया। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देशभर के विशेषज्ञों ने युद्ध क्षेत्र में सैनिकों के इलाज और स्वदेशी चिकित्सा तकनीकों पर विचार-विमर्श किया।
(शीर्षक एवं इंट्रो में सुधार के साथ) जम्मू, 27 अक्टूबर सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा जम्मू के एक सैन्य अस्पताल में आयोजित ‘मेडटेक’ (चिकित्सा प्रौद्योगिकी) सम्मेलन में पहुंचे और इस दौरान उन्हें सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की देखभाल के क्षेत्र में प्रौद्योगिकी आधारित नवीनतम तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि व्हाइट नाइट कोर के तत्वावधान में 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित इस सम्मेलन में देश भर के चिकित्सा पेशेवर और प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं में प्रगति, युद्ध क्षेत्र में मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि सेना के कमांडर ने सम्मेलन के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य सेवा कंपनियों के स्टॉल का दौरा किया, जहां आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को प्रदर्शित किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, सम्मेलन में अगली पीढ़ी की सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की प्रौद्योगिकी आधारित देखभाल पर प्रत्यक्ष प्रदर्शन, तकनीकी संगोष्ठियां और पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि इस पहल से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और तकनीकी नवाचारों को मैदानी सेना की परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुरूप विकसित करने का अवसर मिला।
अधिकारियों ने बताया कि उद्योग जगत के हितधारकों की भागीदारी ने युद्ध के दौरान स्वास्थ्य देखभाल संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वदेशी समाधान विकसित करने में भारतीय सेना और उद्योग जगत के बीच सहयोग को रेखांकित किया।
अन्य न्यूज़














