Noida कैफे अग्निकांड में युवक की मौत, संचालक और ठेकेदार पर केस दर्ज

नोएडा के सेक्टर 126 क्षेत्र में स्थित एक कैफे में मरम्मत कार्य के दौरान भीषण आग लगने से झुलसे युवक साहिल शर्मा की मौत हो गई। मृतक के पिता दलीप चंद्र ने थाने में शिकायत देकर कैफे संचालक और बिजली फिटिंग ठेकेदार पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के रायपुर गांव के पास स्थित एक कैफे में शनिवार की शाम आग लगने की घटना में एक युवक की झुलसने से हुई मृत्यु के मामले में उसके परिजन ने कैफे संचालक और ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। थाना सेक्टर- 126 के प्रभारी निरीक्षक सोमनेश कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात दलीप चंद्र पुत्र धुली चंद्र, निवासी सरस्वती कुंज चिपियाना खुर्द तिगरी ने थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई।
सिंह ने शिकायत के हवाले से बताया कि 24 अक्टूबर शाम रायपुर गांव के पास स्थित एक कैफे के फूड स्टॉल पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार उनका बेटा अन्य कर्मचारियों के साथ यह कार्य कर रहा था और इसी दौरान अचानक उक्त परिसर में आग लग गई। उन्होंने बताया कि देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की अन्य दुकानों/ कैफे को भी अपनी चपेट में ले लिया।
उनके अनुसार आग की चपेट में आने से उनका बेटा साहिल शर्मा बुरी तरह से झुलस गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया है कि उक्त कैफे में निर्माण एवं मरम्मत/ बिजली फिटिंग का कार्य कराया जाने के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों तथा अग्नि सुरक्षा संबंधित नियमों का पालन नहीं किया गया, जिसकी वजह से उनके बेटे की झुलसने से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने कैफे संचालक, बिजली फिटिंग आदि का कार्य करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज करके जांच कर रही है।
अन्य न्यूज़













