वर्धा में खराब सड़क निर्माण पर नितिन Gadkari सख्त, ठेकेदार को लगाई फटकार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के वर्धा जिले में रविवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने घटिया सड़क निर्माण को लेकर एक ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। स्थानीय विधायक द्वारा गुणवत्ता की शिकायत किए जाने के बाद गडकरी ने तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश दिए और कार्रवाई की चेतावनी दी। यह मामला सिंदी शहर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सामने आया।

वर्धा, तीन नवंबर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह महाराष्ट्र के वर्धा जिले में घटिया सड़क निर्माण को लेकर एक ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। यह घटना रविवार की है, जब गडकरी ने वर्धा जिले के सिंदी शहर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी) की आधारशिला रखी। यह परियोजना 150.42 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है।

इसका निर्माण महाराष्ट्र एमएमएलपी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स प्रबंधन लिमिटेड (एनएचएलएमएल) और जवाहरलाल नेहरू पोर्ट प्राधिकरण (जेएनपीए) का संयुक्त उद्यम है। गडकरी के कार्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, पूरी तरह विकसित होने के बाद यह पार्क सड़क और रेल के जरिये माल ढुलाई को सुगम बनाएगा। इससे रसद लागत और परिवहन में लगने वाला समय कम होगा, आपूर्ति शृंखला मजबूत होगी तथा औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस परियोजना से रोजगार के अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। साथ ही, इससे भारत की व्यापार प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम से इतर एक स्थानीय विधायक ने वर्धा की एक सड़क के निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने की शिकायत गडकरी से की।

स्थानीय समाचार चैनलों पर प्रसारित बातचीत के वीडियो में गडकरी सड़क निर्माण में घटिया काम करने को लेकर ठेकेदार को फटकार लगाते दिखाई दे रहे हैं। नागपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद गडकरी ठेकेदार से कहते सुनाई दे रहे हैं कि उसे ‘‘इतना घटिया काम करने पर शर्म आनी चाहिए।’’ केंद्रीय मंत्री ने ठेकेदार को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी और सड़क की मरम्मत तत्काल कराने के सख्त निर्देश दिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़