सहारनपुर PNB Fake Currency मामले में NIA ने नीतू को किया गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट से जुड़े नकली नोट मामले में एक और आरोपी को पकड़ा है। गिरफ्तार नीतू उत्तराखंड के हरिद्वार जिले का निवासी है और वह मुख्य आरोपी आदेश चौधरी का करीबी सहयोगी बताया गया है।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करेंसी चेस्ट के जरिए नकली नोटों के प्रसार से जुड़ी साजिश में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतू के रूप में हुई है।

वह उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र के कुंजा बहादुरपुर गांव का रहने वाला है। एनआईए की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, नीतू मामले के मुख्य आरोपी आदेश चौधरी और अन्य आरोपियों का करीबी सहयोगी है। सहारनपुर के सदर बाजार थाने को 29 अगस्त, 2026 को पीएनबी के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये के अंकित मूल्य वाले भारतीय मुद्रा के नकली नोट बरामद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।

जांच में बैंक के तीन कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई थी, जिन्हें बाद में बैंक ने निलंबित कर दिया। इसके बाद एनआईए ने मामले की जांच की जिम्मेदारी संभाली और तीन सितंबर को फिर से मामला दर्ज किया। एजेंसी ने प्राथमिकी में नामजद आरोपी अमित कुमार को सात सितंबर, मुख्य आरोपी आदेश चौधरी को 15 सितंबर तथा अन्य आरोपी मुकेश कुमार और राजेंद्र को 20 सितंबर को गिरफ्तार किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़