Mumbai Traffic Police ने तेज हेडलाइट वाले 12,585 वाहनों पर की कार्रवाई, 88.5 लाख जुर्माना वसूला

मुंबई यातायात पुलिस ने तेज रोशनी वाली हेडलाइट्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 88.5 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना एकत्र किया है। ‘ऑपरेशन डैजलिंग लाइट’ के तहत यह कार्रवाई शहर के 41 ट्रैफिक डिवीजनों में 1 जून से 26 अक्टूबर के दौरान की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क हादसों को रोकने के लिए अनधिकृत एलईडी लाइटों पर यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
मुंबई यातायात पुलिस ने अनधिकृत तेज रोशनी वाली हेडलाइट का इस्तेमाल करने पर 12,585 वाहनों का चालान काटा और करीब 88.5 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन डैजलिंग लाइट’ नाम से यह विशेष अभियान एक जून से 26 अक्टूबर के बीच शहर के 41 यातायात मंडलों में चलाया गया, जिसके तहत मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत 12,585 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और करीब 88.5 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य आंखें चौंधियाने वाली तेज हेडलाइट के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। अधिकारी ने कहा कि बिना अनुमति लगाई गई अतिरिक्त लाइटों, ‘एलईडी लाइट बार’ और अत्यधिक तेज रोशनी वाली हेडलाइट के इस्तेमाल से सामने से आ रहे वाहन चालकों की आंखें कुछ पल के लिए चौंधिया सकती हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। यातायात विभाग के अनुसार, यह अभियान जारी रहेगा।
विभाग ने वाहन चालकों से रात में ‘लो-बीम’ हेडलाइट का इस्तेमाल करने, वाहनों में अनधिकृत उपकरण नहीं लगवाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
अन्य न्यूज़














