Mehbooba Mufti ने प्रशासन पर साधा निशाना, NC और BJP के प्रदर्शनों पर उठाए सवाल

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन पर राजनीतिक दलों के प्रदर्शनों को लेकर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस जहां पीडीपी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति नहीं देती, वहीं भाजपा और नेकां को एक-दूसरे के खिलाफ रैलियों की छूट दी गई। पार्टी विधायक वहीद पारा ने इन प्रदर्शनों को फिक्स मैच करार दिया।
श्रीनगर, दो सितंबर जम्मू-कश्मीर में भाजपा और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शनों के बीच पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को अधिकारियों पर राजनीतिक दलों के प्रदर्शनों को लेकर ‘‘दोहरे मापदंड’’ अपनाने का आरोप लगाया। महबूबा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वही पुलिस जो पीडीपी को जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए अपने कार्यालय से बाहर निकलने की अनुमति नहीं देती, उसने भाजपा और नेकां दोनों को एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन करने में मदद की।’’ पूर्व मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी लाल चौक में भाजपा कार्यकर्ताओं के एक बड़े प्रदर्शन के बाद आई। भाजपा कार्यकर्ता केंद्र शासित प्रदेश में नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने भी राजबाग में केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी ने केंद्र पर जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। महबूबा ने कहा, ‘‘इस स्पष्ट दोहरे मापदंड की व्याख्या होनी चाहिए।
इन चुनिंदा पाबंदियों को मंजूरी कौन देता है और अलग-अलग राजनीतिक दलों के लिए कानून अलग-अलग तरीके से क्यों लागू किया जाता है?’’ पीडीपी के पुलवामा से विधायक वहीद पारा ने भाजपा और नेकां के प्रदर्शनों को ‘‘फिक्स मैच’’ करार दिया। पारा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘आज के नेकां-भाजपा प्रदर्शन केवल तमाशा हैं। जम्मू-कश्मीर में शासन व्यवस्था विफल होने और बेरोजगारी बढ़ने के बीच वे उन लोगों के साथ फिक्स मैच खेलते नजर आ रहे हैं, जिन्होंने उन्हें वोट दिया था।
लोग दर्शक नहीं हैं, वे सब याद रखते हैं।
अन्य न्यूज़













