Meerut Police ने मालकिन को नशीला पदार्थ देकर चोरी करने के मामले में चार आरोपियों को पकड़ा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मेरठ के गंगानगर क्षेत्र में घरेलू सहायिका द्वारा मकान मालकिन को जहरीला पदार्थ खिलाकर की गई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस और स्वाट टीम ने मिलकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के जेवर, प्राचीन सिक्के और 3.56 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।

मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र में घरेलू सहायिका द्वारा मालकिन को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और कीमती सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण, प्राचीन धातु की मुद्राएं, पुराने सिक्के और 3.56 लाख रुपये बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि 26 अक्टूबर को डिफेंस कॉलोनी निवासी आशुतोष भल्ला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में काम करने वाली महिला ने उनकी मां को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से कीमती सामान चोरी कर लिया। इस संबंध में गंगानगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि संबंधित थाना पुलिस और विशेष अभियान दल (स्वाट) की संयुक्त कार्रवाई में जितेंद्र कुमार, रोशनी ओराओन, मनीष कुमार उर्फ मन्नू और मीनू को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 32 छोटे-बड़े सिक्के, 111 पुराने सिक्के और प्राचीन धातु की आठ मुद्राएं बरामद की हैं। इसके अलावा, 3.56 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद आभूषणों और सिक्कों का अनुमानित मूल्य करीब दो करोड़ रुपये है।

पुलिस ने चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर मामले में अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़