Yemen Coast पर नौका हादसे के बाद 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित, MEA ने दी जानकारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को पुष्टि की है कि यमन के तट के निकट दुर्घटनाग्रस्त हुई एक नौका पर सवार सभी 14 भारतीय सुरक्षित हैं। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार ये नागरिक होदेइदाह में मौजूद हैं और उनकी भारत वापसी के लिए विभिन्न पक्षों से संपर्क साधा जा रहा है।

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि यमन के तट के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और वह उनसे संपर्क करने की कोशिश करेगा, ताकि उनका कल्याण सुनिश्चित करने के लिए सबसे अच्छा तरीका निकाला जा सके। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह बात कही। उनसे उन खबरों के बारे में पूछा गया था, जिनमें कहा गया है कि कुछ हूतियों ने नौका पर सवार भारतीयों को बचाने में मदद की है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिकों के बारे में हमें जानकारी मिली है कि वे सभी अब सुरक्षित हैं। हम विभिन्न पक्षों और अपने समुदाय के सदस्यों के जरिये उनसे संपर्क करने की कोशिश करेंगे, ताकि यह समझ सकें कि उनके कल्याण के लिए क्या करना सबसे अच्छा रहेगा ... उनकी भारत वापसी को संभव बनाया जाएगा।’’ विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत विदेशों में रह रहे अपने नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। एक अन्य संबंधित सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘हम वहां के संबंधित पक्षों के संपर्क में हैं और हमें जानकारी मिली है कि ये सभी 14 भारतीय नागरिक होदेइदाह में हैं और सुरक्षित हैं।’’ अरब मीडिया के कुछ हिस्सों ने बृहस्पतिवार को यमन के हूती प्रवक्ता याह्या सरी के हवाले से दावा किया कि सऊदी अरब बलों ने लाल सागर में यमनी तट के पास युकार द्वीप के निकट एक भारतीय नौका को निशाना बनाया।

सरी ने बताया कि उस नौका पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे और हूती उन्हें बचा रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बारे में और जानकारी बाद में दी जाएगी। भारतीय मिशन ने आज दिन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘रिपोर्टों से पता चलता है कि सभी 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और यमन में होदेइदाह के आसपास मौजूद हैं।’’ भारतीय दूतावास ने अभी तक इस बात पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है कि नौका पर किसने हमला किया था।

इससे पहले, भारतीय दूतावास ने कहा कि उसने इस घटना से जुड़ी ‘‘परिस्थितियों और तथ्यों का पता लगाने’’ के लिए विभिन्न पक्षों से संपर्क किया है। यह घटना ईरान समर्थित हूतियों और सऊदी अरब के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे के ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे हैं। सऊदी अरब में बुधवार को एक प्रमुख हवाई अड्डे और एक तेल क्षेत्र पर हुए दो अलग-अलग हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

सऊदी अरब में फंसे भारतीय श्रद्धालुओं के बारे में पूछे जाने पर, जायसवाल ने कहा कि सऊदी अरब में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास, वहां फंसे भारतीय श्रद्धालुओं की जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एयरलाइनों और टूर ऑपरेटरों के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले एक हफ्ते में, सऊदी अरब में फंसे लगभग 3,000 उमरा श्रद्धालु उपलब्ध उड़ानों के जरिये अपने घर लौट गए हैं। इसके अलावा, 10,000 से अधिक अन्य उमरा श्रद्धालु भी हैं, जिनकी बुकिंग उपलब्ध उड़ानों में थी, और वे भी अपने घर वापस चले गए हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास वहां फंसे लोगों के संपर्क में हैं।

वे हमारे स्वयंसेवियों और सामुदायिक स्वयंसेवकों के साथ मिलकर उन्हें मदद और सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही, वहां मौजूद भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए रियाद और जेद्दा दोनों जगहों पर चौबीसों घंटे काम करने वाले नियंत्रण कक्ष संचालित किये जा रहे हैं। इसके अलावा, वे लगातार परामर्श भी जारी कर रहे हैं, ताकि लोगों को वहां के हालात की बेहतर जानकारी मिल सके।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़