New York City Council ने पारित किया रोमांच कानून, घोड़ा-बग्घी संचालन पर 2028 तक लगेगी रोक

न्यूयॉर्क नगर परिषद ने भारतीय किशोर रोमांच महाजन की मौत के बाद सेंट्रल पार्क में घोड़ों से खींची जाने वाली बग्घियों को बंद करने का फैसला लिया है। 40 मतों के समर्थन से पारित इस विधेयक के तहत अगले 19 महीनों में इस उद्योग को चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाएगा। कानून पर अंतिम मुहर के लिए इसे अब मेयर जोहरान ममदानी के पास भेजा गया है।
(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 23 अक्टूबर न्यूयॉर्क शहर में घोड़ों से खींची जाने वाली बग्घियों की सवारी पर रोक लगाने वाला एक विधेयक पारित किया गया है। इस साल गर्मियों में सेंट्रल पार्क में बग्घी से जुड़ी एक भयावह घटना में एक भारतीय किशोर की मौत के बाद इस दिशा में नये सिरे से कई महीनों तक प्रयास किए गए थे। न्यूयॉर्क नगर परिषद ने बृहस्पतिवार को ‘रोमांच कानून’ को मंजूरी दी।
इसके तहत एक जून 2028 तक सेंट्रल पार्क में घोड़ों से खींची जाने वाली बग्घियों का संचालन चरणबद्ध तरीके से बंद कर दिया जाएगा। साथ ही इस उद्योग पर लंबे समय से निर्भर कर्मचारियों की आजीविका की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। विधेयक के पक्ष में 40 और विरोध में सात मत पड़े, जबकि दो सदस्य मतदान में अनुपस्थित रहे।
अब यह विधेयक हस्ताक्षर के लिए न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के पास भेजा जाएगा। इस कानून का नाम भारत से आए 18 वर्षीय पर्यटक रोमांच महाजन के नाम पर रखा गया है। इस साल गर्मियों में सेंट्रल पार्क में घोड़ों से खींची जाने वाली बग्घी से गिरने के बाद रोमांच की मौत हो गई थी।
घटना के बाद यह कानून पारित किया गया। रोमांच की मौत के तुरंत बाद नगर परिषद ने बग्घी उद्योग पर सुनवाई की थी। इसका उद्देश्य इस प्रथा को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने के लिए संभावित विधायी कदमों की पड़ताल करना और बग्घी मालिकों तथा संचालकों की राय जानना था।
नगर परिषद ने एक बयान में कहा कि इस विधेयक के तहत अगले 19 महीनों में इस उद्योग को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों और घोड़ों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित बदलाव की रूपरेखा तैयार की जाएगी। नगर परिषद की अध्यक्ष जूली मेनिन ने विधेयक पारित होने को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि रोमांच की ‘दुखद और टाली जा सकने वाली’ मौत ने दशकों से बढ़ती चिंताओं के बीच तत्काल कार्रवाई की जरूरत को रेखांकित किया।
अन्य न्यूज़













