Lucknow में 26 नवंबर को Congress की संविधान दिवस रैली में शामिल होंगे Mallikarjun Kharge

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 नवंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी में संविधान दिवस पर पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम और रैली में शिरकत करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने बताया कि राज्य भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस आयोजन में भाग लेंगे। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के संघर्ष को और गति देने का संकल्प दोहराया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर यहां पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम और रैली में शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे का कार्यक्रम में शामिल होना गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।
मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उसे कांग्रेस सड़क से लेकर प्रदेश स्तर तक और मजबूत तथा तेज करेगी एवं इसी संकल्प के साथ 26 नवंबर को रैली आयोजित की जाएगी। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सीटों के बंटवारे को लेकर किये गये पोस्ट के संबंध में पूछे जाने पर मिश्रा ने कहा कि आज करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक हुई और बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने कहा, यह एक अच्छी शुरुआत है।
गठबंधन को पूरी मजबूती देकर हम न केवल चुनाव लड़ेंगे, बल्कि जीतकर सरकार भी बनाएंगे। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की प्रस्तावित रैली के बारे में पूछे जाने पर मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को अपने कार्यक्रम आयोजित करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल मनाने का अवसर नहीं होना चाहिए, बल्कि इस दिन संविधान की रक्षा का संकल्प भी लिया जाना चाहिए।
अन्य न्यूज़














