Malkangiri में पड़ोसी ने घर में घुसकर दंपति को उतारा मौत के घाट, 13 वर्षीय बेटा जख्मी

ओडिशा के मलकानगिरी जिले में शनिवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक पड़ोसी ने धारदार हथियार से हमला कर पति-पत्नी की जान ले ली। इस हमले में उनका नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मलकानगिरी (ओडिशा), एक नवंबर ओडिशा के मलकानगिरी जिले में शनिवार रात घर में सो रहे एक दंपति की उनके पड़ोसी ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस हमले में उनका नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार रात ओरकेल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मलकानगिरी गांव (एमवी-36) में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में दाखिल हुआ और उसने दंपति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमलावर ने सबसे पहले पुरुष पर वार किया और जब उसकी पत्नी ने अपने पति को बचाने की कोशिश की, तो उसने उस पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस हमले में उनका 13 वर्षीय बेटा संदीप भी घायल हो गया। मृतकों की पहचान रामेंद्रनाथ सरकार और उनकी पत्नी रायबा मंडल के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच थी।
पुलिस ने बताया कि बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावर इस परिवार का पड़ोसी बताया जाता है और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने का संदेह है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन उसे हिरासत में ले लिया गया।
अन्य न्यूज़













