Maharashtra FDA की चेतावनी, Health Supplements पर झूठे दावों और अवैध बिक्री पर होगी कार्रवाई

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन आयुक्त तुकाराम मुंडे ने जिम में बिना लाइसेंस हेल्थ सप्लीमेंट बेचने और उत्पादों पर भ्रामक दावे छापने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि थोक व खुदरा विक्रेता अपनी जिम्मेदारी निर्माताओं पर नहीं डाल सकते। जिम में ऐसे उत्पाद बेचने के लिए FSSAI का वैध लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंडे ने जिम में हेल्थ सप्लीमेंट की अनधिकृत बिक्री करने वालों और न्यूट्रास्यूटिकल (पोषक) उत्पादों के लेबल पर स्वास्थ्य संबंधी दावे छापने वाले निर्माताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। मुंढे ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि थोक विक्रेता, खुदरा विक्रेता और जिम संचालक अपनी जिम्मेदारी निर्माताओं पर नहीं डाल सकते और यह सुनिश्चित करना उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है कि उनके द्वारा बेचे जा रहे उत्पाद वैध हों, उन पर कोई झूठा दावा न किया गया हो और उनके पास भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का लाइसेंस हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी हेल्थ सप्लीमेंट या न्यूट्रास्यूटिकल कंपनी, निर्माता या उत्पादक को विशिष्ट स्वास्थ्य लाभ का दावा करने अथवा उत्पादों के लेबल पर ऐसे दावे छापने की अनुमति नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि जिम संचालक अपने परिसर में हेल्थ सप्लीमेंट बेचना चाहते हैं तो उन्हें एफएसएसएआई का आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करना होगा। उन्होंने बिना अनुमति ऐसे उत्पादों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘न्यूट्रास्यूटिकल्स और हेल्थ सप्लीमेंट का अनुचित तरीके से सेवन किया जा रहा है तथा उनके बारे में विज्ञापनों में भ्रामक दावे किए जा रहे हैं।

जिम में लोग अक्सर दावा करते हैं कि प्रोटीन पाउडर के सेवन से अपने आप मांसपेशियां विकसित हो जाएंगी। ऐसी भ्रांतियों और गलत प्रथाओं का कोई कानूनी आधार नहीं है और इन्हें बंद किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि केवल एफएसएसएआई का लाइसेंस होने से दुकानदारों या विक्रेताओं को खराब गुणवत्ता वाले या मिलावटी उत्पाद बेचने का अधिकार नहीं मिल जाता। एफडीए ने पिछले सप्ताह राज्यभर में नियमों के अनुपालन से संबंधित एक आदेश जारी किया था, जिसके तहत हेल्थ सप्लीमेंट, न्यूट्रास्यूटिकल्स और विशेष आहार संबंधी खाद्य उत्पादों पर कड़े नियम लागू किए गए हैं।

विशेष रूप से खेल पोषण, वजन घटाने, यौन स्वास्थ्य और हर्बल उत्पादों पर केंद्रित इस आदेश के दायरे में पूरी आपूर्ति शृंखला को शामिल किया गया है। इनमें निर्माता, आयातक, वितरक, गोदाम, खुदरा विक्रेता, दवा की दुकानें, जिम और ई-कॉमर्स वेबसाइट शामिल हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़