Madhya Pradesh के सिवनी और कटनी में भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की दर्दनाक मौत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दीपावली की रात मध्य प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में हुए भीषण हादसों में दो परिवारों के 12 सदस्यों की जान चली गई। सिवनी के छपारा में सुनार के मकान में आग लगने से छह लोगों की मौत हुई और चार घायल हो गए, जबकि कटनी के बरही में क्रॉकरी दुकान वाली इमारत में छह लोगों ने दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।

भोपाल, नौ नवंबर दीपावाली की रात मध्यप्रदेश में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 12 लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इन लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की‌।

पहली घटना सिवनी जिले में सोमवार तड़के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में हुई, जहां एक सुनार के तीन मंजिला मकान में आग लगने से परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दिवाली के अगले दिन तड़के करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच जैन मंदिर के पास स्थित सुनार कुंदन लाल सोनी के मकान में आग लग गई। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अपूर्वा भलावी ने घटनास्थल से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आग लगने के समय मकान में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे जिनमें से छह की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया।

उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों और बचाव दल ने बाद में आग पर काबू पा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है। मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दूसरी घटना कटनी जिले की है, जहां दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में स्थित क्रॉकरी की दुकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। कटनी के जिलाधिकारी आशीष तिवारी ने पीटीआई वीडियो सेवा से बातचीत में कहा कि यह घटना बरही कस्बे में सोमवार आधी रात के आसपास हुई।

आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन दुर्भाग्यवश छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में दुकान संचालक पूरन अग्रवाल (77), उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, पोतियों आर्या (14) और अन्वी (6) तथा दो महीने के एक शिशु की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शिशु ने अपनी मां पूनम की गोद में ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक की लहर फैल गई।

मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि दीपावली पर्व पर कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में आग लगने की दुखद घटना में दो परिवारों के कई सदस्यों के निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। उन्होंने कहा, ‘‘दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।’’ मुख्यमंत्री ने दोनों घटनाओं के पीड़ित परिवारों से फोन पर भी बात की और उन्हें ढाढस बंधाया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़