Nipah मरीजों को एक्सपायरी Remdesivir देने के मामले में जांच के बाद कार्रवाई: Kerala स्वास्थ्य मंत्री

Nipah मरीजों को एक्सपायरी Remdesivir देने के मामले में जांच के बाद कार्रवाई: Kerala स्वास्थ्य मंत्री
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने बताया कि कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में निपाह संक्रमितों को कथित तौर पर अवधि समाप्त रेमडेसिविर दिए जाने के मामले की जांच विशेषज्ञ समिति कर रही है। समिति यह भी पता लगाएगी कि क्या मरीजों की मौत या उनकी सेहत पर इस दवा से कोई बुरा असर पड़ा था। जांच रिपोर्ट आने के बाद सरकार आगे की कार्रवाई तय करेगी।

केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने शुक्रवार को कहा कि पिछले कुछ वर्षों में निपाह के मरीजों को रेमडेसिविर की ‘एक्सपायरी’ (इस्तेमाल की अवधि समाप्त हो चुकी) दवा दिए जाने के आरोपों की जांच कर रही विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार आगे की कार्रवाई करेगी। विधानसभा में कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझलनादन के एक सवाल के जवाब में मंत्री ने बताया था कि 2021 में खरीदी गई रेमडेसिविर दवा की एक्सपायरी तारीख मई 2023 थी, लेकिन संभव है कि कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों को यह दवा 2025 तक दी गई हो। यहां संवाददाताओं से बातचीत में मुरलीधरन ने कहा कि विधानसभा में दी गई जानकारी स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की रिपोर्ट पर आधारित थी।

उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ समिति की जांच रिपोर्ट आने तक वह इस मामले में कोई और टिप्पणी नहीं करेंगे। मुरलीधरन ने कहा कि सरकार इस बात की जांच करेगी कि क्या निपाह के मरीजों की मौत का संबंध एक्सपायरी दवा दिए जाने से था और क्या यह दवा लेने वाले अन्य मरीजों पर भी इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव पड़ा था। मंत्री ने स्पष्ट किया कि रेमडेसिविर की गुणवत्ता या उसकी प्रभावकारिता को लेकर कोई चिंता नहीं है।

जांच का मुद्दा केवल यह है कि क्या मरीजों को इस दवा की एक्सपायरी खुराक दी गई थी। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों को वैधता अवधि के भीतर यह दवा दी गई थी, वे ठीक हो गए थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि विवाद दवा की प्रभावकारिता को लेकर नहीं, बल्कि उसकी एक्सपायरी तारीख को लेकर है।

समिति इस बात की भी जांच करेगी कि दवा की खरीद और आपूर्ति कैसे की गई, इसमें बिचौलियों की क्या भूमिका रही और केरल मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (केएमएससीएल) ने किस तरह काम किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़