वेणुगोपाल ने राम मंदिर में चंदा चोरी के कथित मामले पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर उठाए सवाल, न्यायालय की देखरेख में जांच की मांग की

Prabhasakshi Image

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान की कथित चोरी के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया है और इसकी जांच उच्चतम न्यायालय की देखरेख में कराने की मांग की है। देहरादून में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की तैयारियों और रणनीतियों का भी ब्योरा साझा किया।

देहरादून। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे और दान की कथित चोरी के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच उच्चतम न्यायालय की देखरेख में कराए जाने की मांग की है। उत्तराखंड के अपने दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन देहरादून में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में वेणुगोपाल ने यह बात कही।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) राम मंदिर के नाम पर चंदा इकट्ठा कर रहे हैं और उस सोने तथा पैसे को ट्रस्ट अथॉरिटी ने चोरी कर लिया। उन्होंने सवाल किया कि इस चंदा चोरी के लिए कौन जिम्मेदार है? वेणुगोपाल ने कहा कि चूंकि राम मंदिर ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देखरेख में किया गया था, इसलिए प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए।

वेणुगोपाल ने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी इस कथित चोरी के मुद्दे को संसद में भी बड़े पैमाने पर उठाएगी। इस संवाददाता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी उपस्थित थे।

उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए वेणुगोपाल ने बताया कि उन्होंने अपने दो दिवसीय दौरे में पार्टी की चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की है। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नेताओं, राजनीतिक मामलों की समिति, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, विभिन्न विभागों, फ्रंटल संगठनों और वर्तमान व पूर्व विधायकों के साथ बैठकें कीं।

उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में पार्टी संगठन और सभी नेता पूरी एकजुटता और ताकत के साथ चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। नेताओं से चर्चा के बाद वेणुगोपाल ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों की भाजपा सरकार से जनता में भारी निराशा है और लोग वर्तमान सरकार के खिलाफ हैं। कांग्रेस इस माहौल का लाभ उठाकर जीत दर्ज करने के लिए पूरा जोर लगाएगी।

वेणुगोपाल ने राज्य में बेरोजगारी और उससे होने वाले पलायन को सबसे बड़ा मुद्दा बताया और आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने इस दिशा में कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों के लिए लड़ेगी। इसके साथ ही, राज्य में चुनाव घोषणापत्र तैयार करने के लिए एक 'मैनीफेस्टो कमेटी' बनाई जाएगी जो युवाओं, छात्रों, किसानों और महिलाओं के पास जाकर उनकी समस्याएं टटोलेगी और एक जनपक्षीय घोषणापत्र तैयार करेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़