Kannur में CPM नेता धनराज हत्याकांड में 3 BJP कार्यकर्ता दोषी, 16 बरी

Kannur में CPM नेता धनराज हत्याकांड में 3 BJP कार्यकर्ता दोषी, 16 बरी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केरलम के कन्नूर जिले की एक स्थानीय अदालत ने 2016 के चर्चित सी वी धनराज हत्याकांड में तीन भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया है। तलिपरंबा के अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने सबूतों के अभाव में 16 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया। मामले में सजा की अवधि पर अदालत दलीलें सुनने के बाद फैसला सुनाएगी।

केरलम की एक स्थानीय अदालत ने 2016 में पय्यान्नूर में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता सी वी धनराज की हत्या के मामले में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तीन कार्यकर्ताओं को दोषी करार दिया और 16 अन्य को बरी कर दिया। तलिपरंबा के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के एन प्रशांत ने टी पी बीजू (34), एम विपिन (34) और उनके भाई एम वैशाख (31) को दोषी ठहराया। दोषी करार दिए गए लोग हत्या में सीधे तौर पर शामिल थे।

अदालत सजा के संबंध में दलीलें सुनने के बाद फैसला सुनाएगी। एझिमाला में माकपा के शाखा सचिव रहे धनराज की 11 जुलाई 2016 को रामनथली में घर लौटते समय धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, हमलावरों का एक समूह मोटरसाइकिलों से उनका पीछा करते हुए उनके घर के पास पहुंचा और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने उनकी मां और पत्नी के सामने ही उन्हें चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में भाजपा-आरएसएस के कुल 20 कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया था। हालांकि, 19 आरोपियों के खिलाफ ही मुकदमे की सुनवाई पूरी हुई, क्योंकि 12वें आरोपी सी बीजू उर्फ चुरक्कट्टू बीजू की बाद में हत्या कर दी गई थी।

मामले की सुनवाई 25 सितंबर 2025 को शुरू हुई थी। इस दौरान अदालत ने 43 गवाहों के बयान दर्ज किए। सुनवाई के दौरान 177 दस्तावेज और 33 भौतिक साक्ष्य भी पेश किए गए।

मामले की शुरुआती जांच तत्कालीन पय्यान्नूर सर्किल इंस्पेक्टर वी रमेशन ने की थी। बाद में एम पी असद ने जांच पूरी कर आरोपपत्र दाखिल किया। धनराज की हत्या का मामला हाल में उस समय फिर राजनीतिक चर्चा में आया, जब माकपा की जिला समिति के पूर्व सदस्य वी कुन्हीकृष्णन ने आरोप लगाया कि धनराज की शहादत के नाम पर जुटाई गई धनराशि के संग्रह में अनियमितताएं हुई थीं।

इसके बाद कुन्हीकृष्णन को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। उन्होंने बाद में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के समर्थन से पय्यान्नूर विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीता।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़