Jammu Kashmir में आतंकी फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 OGW गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

जम्मू कश्मीर में संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन की जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी वित्त पोषण मॉड्यूल का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने शोपियां थाने में प्राथमिकी दर्ज कर लश्कर और टीआरएफ से जुड़े 10 मददगारों को दबोच लिया। यह नेटवर्क गुप्त रूप से धन जुटाकर आतंकियों को स्मार्टफोन और रसद मुहैया करा रहा था।

जम्मू कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध वित्तीय नेटवर्क की जांच के बाद इस केंद्र शासित प्रदेश में सक्रिय आतंकी वित्त पोषण मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया और आतंकवादियों तक मदद पहुंचाने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यहां शुक्रवार को यह जानकारी दी। आतंकवादियों तक मदद पहुंचाने वाले इन लोगों को ‘ओवर ग्राउंड वर्कर्स’ भी कहा जाता है।

अधिकारियों ने बताया, ‘‘जांच के दौरान विभिन्न भुगतान मंचों के जरिये किए गए संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण किया गया। इससे कई स्तरों पर धन के लेनदेन और उसके प्रवाह का पता लगाने में मदद मिली।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जांच में ऐसे लोगों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिनके कथित तौर पर आतंकी वित्तपोषण में शामिल होने और अलग-अलग जेलों में बंद आतंकवादियों तथा उनके सहयोगियों से संबंध होने की बात सामने आई है।’’ उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक आतंकवादियों तक मदद पहुंचाने वाले 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत शोपियां थाने में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान ओवैस शफी नाइकू, तजामुल अहमद शाह, मोइज इकबाल, इमदाद यूसुफ गनी, साकिब जहूर वानी, लियाकत नजीर लोन, आमिर अहमद गनी, फिरदौस ठोकर, मोहम्मद हनीफ और काजू के रूप में की है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी आम लोगों से गुप्त रूप से धन जुटा रहे थे और उसे स्थापित वित्तीय संपर्कों के जरिए आगे भेज रहे थे, ताकि लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) की आतंकवादी गतिविधियों को मदद पहुंचाई जा सके। उन्होंने बताया कि इस धन का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए स्मार्टफोन सहित अन्य रसद सहायता उपलब्ध कराने में भी कथित तौर पर किया जा रहा था।

अधिकारियों ने कहा कि व्यापक नेटवर्क का पता लगाने, वित्तीय लेन-देन के अन्य संपर्कों की पहचान करने और इस मॉड्यूल में शामिल दूसरे लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़