Jamia Millia Islamia में 8 नवंबर तक चलेंगी Online Classes, परीक्षाएं भी होंगी डिजिटल

जामिया मिल्लिया इस्लामिया प्रशासन ने दिवाली की छुट्टियों के मद्देनजर ऑनलाइन कक्षाओं को 8 नवंबर तक बढ़ाने का फैसला किया है। इस दौरान दूसरे मध्यावधि सेमेस्टर की परीक्षाएं भी डिजिटल माध्यम से कराई जाएंगी। परिसर में छात्र संघ चुनाव की मांग पर चल रहे प्रदर्शन के बाद यह कदम उठाया गया है।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 8 नवंबर तक ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी और इसके दूसरे मध्यावधि सेमेस्टर की परीक्षाएं भी ऑनलाइन माध्यम से ही आयोजित की जाएंगी। सोमवार को जारी एक कार्यालय आदेश में यह जानकारी दी गई। विश्वविद्यालय परिसर में 12 अक्टूबर से शुरू हुए छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और भूख हड़ताल के बाद, 24 अक्टूबर से अगली सूचना तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की मंजूरी दी गई है।
प्रदर्शनकारी, छात्र संघ के पुनर्गठन और चुनाव की तारीखें घोषित करने की मांग कर रहे हैं। जामिया छात्र संघ को 2006 में भंग कर दिया गया था। आदेश में कहा गया है कि कुलपति मजहर आसिफ की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्षों, निदेशकों और अन्य अधिकारियों ने ऑनलाइन कक्षाओं को दिवाली की छुट्टियों तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है।
इसमें यह भी कहा गया है कि 8 नवंबर के बाद ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखी जाएंगी या नहीं, इस पर विश्वविद्यालय परिसर के हालात को देखते हुए विचार किया जाएगा।
अन्य न्यूज़














