Delhi Jahangirpuri में कर्मचारी से 90 लाख की 35 किलो चांदी की लूट

Delhi Jahangirpuri में कर्मचारी से 90 लाख की 35 किलो चांदी की लूट
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में शाह आलम बांध पिकेट के पास दो बाइकों पर आए बदमाशों ने एक कर्मचारी से 35 किलोग्राम चांदी लूट ली। पीड़ित चांदनी चौक के एक संस्थान से चांदी का पार्सल लेकर जा रहा था, तभी चार बदमाशों ने मारपीट कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

उत्तर पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में दो बाइक पर आए हेलमेट पहने चार बदमाशों ने मंगलवार को एक व्यक्ति से कथित तौर पर 35 किलोग्राम चांदी लूट ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना अपराह्न करीब दो बजे शाह आलम बांध पिकेट के पास हुई।

पुलिसकर्मियों ने पास में झगड़ा होते देखा और तुरंत मौके पर पहुंचे। उनके मुताबिक, पीड़ित राजेश पटेल ने कहा कि वह चांदनी चौक के कूचा महाजनी बाजार स्थित ‘यस ऑर्नामेंट’ में कर्मचारी है और मोटरसाइकिल पर 35 किलोग्राम चांदी का पार्सल लेकर जा रहा था। इस चांदी की कीमत करीब 90 लाख रुपये है।

उसने दावा किया कि इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार हेलमेट पहने चार लोगों ने उसे रोका, उसके साथ मारपीट की और चांदी से भरा काला बैग लूटकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामले में आगे की छानबीन जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़