सुरक्षा कारणों से Jagan Mohan Reddy ने भांजी की शादी के लिए बेंगलुरु पैलेस देने से मना किया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने सुरक्षा और गोपनीयता का हवाला देकर बहन वाईएस शर्मिला की बेटी के विवाह के लिए अपना बेंगलुरु स्थित आवास देने से इनकार कर दिया है। इस फैसले के बाद राज्य में वाईएसआरसीपी और टीडीपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जगन पर शादी में बाधा डालने का आरोप लगाया है।

वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के प्रमुख जगन मोहन रेड्डी ने अपनी बहन एवं आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला को गंभीर सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए बेंगलुरु स्थित अपने आवास येलाहंका पैलेस का उपयोग उनकी बेटी (जगन की भांजी) के विवाह के लिए करने देने से इंकार कर दिया है। यह मुद्दा जल्द ही चिर प्रतिद्वंद्वी पार्टियों तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और वाईएसआरसीपी के बीच एक और राजनीतिक विवाद का कारण बन गया, जिसमें मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने रेड्डी को कंस करार दिया और उन पर अपनी भांजी की शादी में बाधाएं डालने का आरोप लगाया। इस पर पलटवार करते हुए वाईएसआरसीपी ने मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ टीडीपी के प्रमुख पर राज्य में स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान हुए अत्याचारों से ध्यान भटकाने के उद्देश्य से पार्टी प्रमुख पर व्यक्तिगत हमले करने का आरोप लगाया।

वाईएसआरसीपी ने उस पत्र को भी सार्वजनिक किया जो रेड्डी ने हाल ही में अपनी छोटी बहन शर्मिला को लिखा था, जिनके साथ उनके संबंध तनावपूर्ण हैं। इस पत्र में उन्होंने अपनी भांजी अंजलि के विवाह समारोह को अपने बेंगलुरु आवास पर आयोजित करने के प्रति अपनी अनिच्छा के कारण बताए थे। रेड्डी ने नौ अक्टूबर की तारीख वाले इस पत्र में कहा, जिस परिसर में मैं रहता हूं, वहां शादी का आयोजन करने से सुरक्षा की गंभीर चिंताएं पैदा होंगी और इसलिए विभिन्न लोगों के माध्यम से यह बात (शर्मिला तक) पहुंचाई गई थी।

उन्होंने कहा, कृपया समझें कि शादी जैसे कार्यक्रम में परिसर में बड़ी संख्या में लोग प्रवेश करेंगे, जिनमें विभिन्न सेवा प्रदाता, खानपान कर्मचारी, फूलों की सजावट करने वाली टीमें, आयोजन का प्रबंधन करने वाले कर्मचारी, वीडियोग्राफर और फोटोग्राफर के साथ-साथ अतिथि भी शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने सारे लोगों के आने-जाने तथा परिसर एवं आसपास के इलाकों के वीडियो और तस्वीरें साझा होने से सुरक्षा की गंभीर चिंताएं पैदा होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस समारोह में शिरकत करने वालों में से अधिकांश को वे जानते भी नहीं हैं।

रेड्डी ने पत्र में लिखा, कृपया जानें कि यह फैसला लेना आसान नहीं था। मैंने जीली (अंजलि) को बड़े होते देखा है और मैं उसके लिए सिर्फ सबसे अच्छा चाहता हूं, लेकिन फिर भी सुरक्षा और गोपनीयता के जोखिमों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह हर्षा या वर्षा (उनकी अपनी बेटियों) के लिए भी होता, तो वे यही करते।

आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अपनी बहन को लिखे पत्र में जगन ने यह भी कहा, मैं वर्तमान में यहां रह रहा हूं और इस तरह के आयोजन से सुरक्षा चिंताओं के साथ-साथ काफी अनावश्यक ध्यान भी आकर्षित होगा। उन्होंने कहा, आखिरकार, यह मेरा घर है और मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि मैं और मेरा परिवार यहां सुरक्षित रहें। मुझे इस बात से दुख हुआ कि मेरे द्वारा विभिन्न लोगों के माध्यम से वास्तविक गोपनीयता और सुरक्षा जोखिमों की बात पहुंचाने के बावजूद, आप मेरी असहमति और चिंताओं को नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ गईं।

उन्होंने अपनी बहन से इस मामले में उनके रुख पर विचार करने और शादी के लिए कोई अन्य स्थान तलाशने का आग्रह किया। इस मुद्दे पर शर्मिला की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़