INDIA bloc की रामलीला मैदान में रैली: सुरक्षा में 3,500 पुलिसकर्मी तैनात होंगे

INDIA bloc की रामलीला मैदान में रैली: सुरक्षा में 3,500 पुलिसकर्मी तैनात होंगे
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

विपक्षी गठबंधन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक नवंबर को दिल्ली में बड़ी सभा बुलाई है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित गड़बड़ियों के विरोध में यह आयोजन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। कार्यक्रम की निगरानी के लिए मैदान को 14 जोन में बांटकर 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की रैली के लिए बृहस्पतिवार को तैयारियां तेज कर दी गईं। विपक्षी गठबंधन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर यह रैली आयोजित करने का निर्णय किया है। रामलीला मैदान में विपक्षी नेताओं के लिए मुख्य मंच के ऊपर तिरंगे के रंग वाला बड़ा तंबू लगाया जा रहा है।

इसके अलावा, ‘इंडिया’ गठबंधन के विभिन्न राज्यों के घटक दलों के लिए एक अन्य मंच तैयार किया जा रहा है। आसपास सफेद शामियाने लगाए गए हैं और लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए अवरोधक लगाए जा रहे हैं। रैली सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी।

कांग्रेस ने दावा किया है कि इसमें करीब 10 लाख लोग शामिल होंगे। वहीं, दिल्ली पुलिस के अनुसार, लगभग 50,000 लोगों के जुटने की संभावना है और सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए करीब 3,500 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कांग्रेस विभिन्न राज्यों से कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी कर रही है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों, विद्यार्थियों और नागरिक समाज संगठनों से रैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का आंदोलन बताया है। पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम की निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरे और निगरानी उपकरणों से लैस वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा।

भीड़ प्रबंधन के लिए मैदान को 14 जोन में बांटा गया है और रिजर्व बलों की 10 कंपनियां तैनात की जाएंगी। भारतीय युवा कांग्रेस ने कहा कि कुछ प्रतिभागी सफेद कपड़े पहनकर भूतों का रूप धारण करेंगे। यह उन मतदाताओं का प्रतीक होगा, जिन्हें कथित तौर पर मृत घोषित कर दिया गया है या जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।

संगठन के अनुसार, कुछ प्रतिभागी ‘‘बैटमैन’’ के मुखौटे भी पहनेंगे। कांग्रेस नेता मनीष चतरथ को संबोधित 17 अक्टूबर के एक आधिकारिक पत्र के अनुसार, पार्टी को 25 अक्टूबर से तीन नवंबर तक रामलीला मैदान के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है। हालांकि, यह अनुमति भूमि स्वामित्व रखने वाले प्राधिकरण की मंजूरी और निर्धारित शर्तों के पालन पर निर्भर है।

पुलिस ने आयोजकों को प्रमुख स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और फुटेज की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित करने को कहा है। आयोजकों को पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने, पेयजल और महिलाओं के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था करने तथा यातायात पुलिस के साथ वाहन पार्किंग का समन्वय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आयोजकों से आमंत्रित लोगों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों को लाने वाली बसों का विवरण भी मांगा गया है।

कार्यक्रम स्थल पर रात में ठहरने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को अनुशासन बनाए रखने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले भाषणों से बचने की भी चेतावनी दी गई है। एक नवंबर की रैली से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन ने 30 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ जैसी कार्यवाही आयोजित करने की योजना बनाई है।

अन्य स्थानों पर अनुमति संबंधी अड़चनों के बाद विपक्षी नेताओं ने यह कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के राजाजी मार्ग स्थित आवास पर आयोजित करने का फैसला किया। कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य दलों ने निर्वाचन आयोग पर चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को खतरे में डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ अपने अभियान में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को प्रमुख मुद्दा बनाया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़