Hingoli में क्रेडिट सोसाइटी ने 61 जमाकर्ताओं से ठगे 1.69 करोड़ रुपये, छह पर केस दर्ज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के हिंगोली में नवा मोंढा स्थित ‘हिंगोली अर्बन निधि लिमिटेड’ के तीन निदेशकों और तीन कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ितों को जमा राशि पर 12 प्रतिशत ब्याज और तीन लाख रुपये तक बीमा सुरक्षा देने का वादा किया गया था। अवधि पूरी होने पर भुगतान करने के बजाय संस्था ने कार्यालय बंद कर दिया, जिसकी जांच अब आर्थिक अपराध शाखा कर रही है।

हिंगोली, एक नवंबर महाराष्ट्र के हिंगोली में एक क्रेडिट सोसाइटी के तीन निदेशकों समेत छह लोगों के खिलाफ 61 जमाकर्ताओं से मुनाफे और बीमा सुरक्षा का वादा कर 1.69 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वैभव फाटले नामक व्यक्ति की शिकायत पर यहां नवा मोंढा इलाके में स्थित ‘हिंगोली अर्बन निधि लिमिटेड’ के तीन निदेशकों और तीन कर्मचारियों के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है।

फाटले ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर इस सोसाइटी में 14.25 लाख रुपये का निवेश किया था। क्रेडिट सोसाइटी एक सहकारी संस्था होती है जो सदस्यों को सस्ते ऋण और सुरक्षित बचत विकल्प प्रदान करती है। अधिकारी ने कहा, “हिंगोली शहर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है और इसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा की जा रही है।

शिकायत के अनुसार, क्रेडिट सोसाइटी ने जमा राशि पर 12 प्रतिशत ब्याज देने और तीन लाख रुपये तक के निवेश पर बीमा सुरक्षा देने का वादा किया था। इन आश्वासनों से आकर्षित होकर कई लोगों ने मई 2020 से मार्च 2024 के बीच अपनी जमा पूंजी निवेश की थी।” उन्होंने बताया कि जमा राशि की अवधि पूरी होने के बाद कंपनी पुनर्भुगतान करने में विफल रही और बाद में उसने अपना कार्यालय ही बंद कर दिया। अधिकारी ने बताया, “फाटले और अन्य निवेशकों ने इसके बाद सहकारिता विभाग से संपर्क किया, जिसने जांच में पाया कि 61 जमाकर्ताओं के साथ कथित तौर पर कुल 1,69,15,493 रुपये की धोखाधड़ी की गई है।” उन्होंने आरोपियों की पहचान हिंगोली अर्बन निधि लिमिटेड के निदेशकों जयेश खर्जुले, संतोष धुडकेकर और रोहिन खर्जुले तथा कर्मचारियों दिनेश आनेकर, सोनाली आंबेकर और अजिंक्य खर्जुले के रूप में की है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़