Gumla में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, AK-56 राइफल के साथ एक आरोपी पकड़ाया

Gumla में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, AK-56 राइफल के साथ एक आरोपी पकड़ाया
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

झारखंड के गुमला में पुलिस ने एक लाल कार से एके-56 राइफल, देशी कार्बाइन और कारतूस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बुधवार रात पुलिस को देखते ही कार सवार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां के अनुसार किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना विफल करते हुए फरार लोगों की तलाश जारी है।

झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एके-56 राइफल समेत अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्रकार के कारतूस, मैगजीन और अन्य सामान भी बरामद किए हैं।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, हमें सूचना मिली थी कि रोहित शर्मा नाम का एक व्यक्ति अपने चार-पांच सहयोगियों के साथ सिसई थाना क्षेत्र के लोकाटोली गांव निवासी राजेंद्र यादव के घर पहुंचा है और उसके पास अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा है। पुलिस के अनुसार, यह समूह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात पुलिस की एक टीम लोकाटोली गांव के बाहरी इलाके में पहुंची जहां उसे सड़क किनारे एक लाल रंग की कार खड़ी मिली, जिसमें चार से पांच लोग सवार थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही कार में बैठे सभी लोग बाहर निकले और मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से एक एके-56 राइफल, एक देशी कार्बाइन, कई मैगजीन और अलग-अलग बोर के कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया, मामले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए बृहस्पतिवार को व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

साथ ही, अवैध हथियारों के स्रोत और कथित आपराधिक साजिश के बारे में भी जांच की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़