गुजरात सरकार प्रशासनिक सुधारों के लिए 2 अक्टूबर से शुरू करेगी ‘रिफॉर्म उत्सव’

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गुजरात में नागरिकों के सुझावों को प्रशासनिक सुधारों में बदलने के लिए दो अक्टूबर से 25 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके सफल संचालन और निगरानी के लिए मुख्य सचिव और जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में समितियां बनाई गई हैं। अभियान की शुरुआत हर पंचायत में जन मंथन सभा आयोजित करके की जाएगी।

अहमदाबाद, एक सितंबर गुजरात सरकार दो अक्टूबर से 25 दिसंबर तक ‘रिफॉर्म उत्सव’ आयोजित करेगी, जिसका उद्देश्य शिकायत निवारण से आगे बढ़ते हुए नागरिकों के सुझावों को प्रशासनिक सुधारों में बदलना है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह अभियान दो अक्टूबर यानी गांधी जयंती से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक पूरे राज्य में आयोजित किया जाएगा।

इस पहल के तहत नागरिकों से प्राप्त सुझावों की पहचान करने, उन्हें वर्गीकृत करने और प्रशासनिक प्रणाली में व्यापक प्रभाव पैदा करने के लिए उन्हें समयबद्ध तरीके से लागू करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हाल में गुजरात प्रशासनिक सुधार आयोग का गठन किया था। सरकार ने कहा कि इस दृष्टिकोण के अनुरूप, यह अभियान केवल शिकायतों के निवारण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नागरिकों के सुझावों को व्यवस्थित रूप से प्रभावी सुधारों में बदलने और उन्हें लागू करने पर ध्यान केंद्रित करेगा।

सरकार ने कहा, इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिकों की आवाज ठोस कार्रवाई, सुधारों और परिणामों में तब्दील हो, जिसका सीधा लाभ लोगों को मिले। विज्ञप्ति के अनुसार, रिफॉर्म उत्सव के प्रभावी नियोजन, कार्यान्वयन और निगरानी के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इसमें बताया गया है कि इस पहल को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक जिले में भी कई समितियां बनाई गई हैं।

जिला स्तरीय समिति की अध्यक्षता जिलाधिकारी करेंगे। ‘रिफॉर्म उत्सव’ पोर्टल के माध्यम से प्राप्त सुझावों और उनके क्रियान्वयन पर लगातार नजर रखने के लिए एक प्रणाली भी शुरू की गई है। पोर्टल पर प्राप्त सुझावों की संख्या, क्रियान्वयन के लिए स्वीकार किए गए सुझावों और उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

अभियान का मुख्य चरण दो अक्टूबर को प्रत्येक पंचायत में ‘जन मंथन सभा’ के आयोजन के साथ शुरू होगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़