आजमगढ़ में पुरानी रंजिश में दादा-पोते की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Prabhasakshi Image

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग और उनके पोते की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद की है। मृतक के भाई ने पड़ोसियों के साथ चल रहे भूमि विवाद और पुरानी रंजिश को इस दोहरे हत्याकांड की वजह बताया है।

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के पवई थानाक्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग और उनके पोते की कुल्हाड़ी से काटकर कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को इस दोहरे हत्याकांड की जानकारी साझा की। पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अनिल कुमार के अनुसार, यह वारदात पवई थानाक्षेत्र के हेवती डिहवा गांव में बृहस्पतिवार देर रात करीब डेढ़ बजे की है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने सबसे पहले ट्यूबवेल पर सो रहे 70 वर्षीय जगदम्बा प्रसाद यादव की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद बदमाश वहां से करीब 400 मीटर दूर स्थित उनके घर पहुंचे। वहां बदमाशों ने बरामदे में सो रहे उनके पोते 25 वर्षीय श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया और फरार हो गए।

घटना के दौरान अंकित की दादी फूलकुमारी ने कुछ आहट सुनी और आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने अपने दो अन्य पोतों को जगाया। जब वे बाहर आए तो उन्होंने अंकित को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। परिजन अंकित को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद जब परिजन दादा जगदम्बा प्रसाद को बुलाने ट्यूबवेल पर पहुंचे, तो वहां उनका शव भी बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक गन्ने के खेत से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। अंकित के भाई शिव कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों के साथ चल रहे भूमि विवाद और पुरानी रंजिश के कारण इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। परिजनों ने बताया कि अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और करीब तीन महीने पहले ही घर वापस लौटा था।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़