Poonch में LoC के पास जंगलों में भड़की आग, सुरक्षा बल बरत रहे अतिरिक्त सतर्कता

Poonch में LoC के पास जंगलों में भड़की आग, सुरक्षा बल बरत रहे अतिरिक्त सतर्कता
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मेंढर और बालाकोट सेक्टरों के वन क्षेत्रों में आग फैलने के बाद सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण दमकल वाहन नहीं पहुंच पा रहे हैं और कर्मी पारंपरिक उपकरणों से आग बुझाने में जुटे हैं। धुएं और आग की आड़ में सीमा पार से घुसपैठ की आशंका को देखते हुए जवान पैनी नजर रखे हुए हैं।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास मंगलवार को जंगलों में आग लगने की नयी घटनाएं सामने आईं, जबकि पड़ोसी बालाकोट सेक्टर में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार तीसरे दिन भी जारी रहे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आग की इन घटनाओं में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रविवार शाम सबसे पहले बालाकोट में सीमा पर लगी बाड़ के आगे लंजोट वन क्षेत्र में आग लगी थी। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लगातार प्रयासों के बावजूद लपटें जंगल में फैलती रहीं, जिससे प्रभावित क्षेत्र में पेड़ों और अन्य वनस्पतियों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह मेंढर सेक्टर के गोहलाद टॉप और छज्जला पटरी वन क्षेत्रों में आग लगने की नयी घटनाएं सामने आईं, जिससे नियंत्रण रेखा (एलओसी) के आसपास के जंगलों में आग फैलने को लेकर चिंता बढ़ गई है।

उन्होंने बताया कि दुर्गम भूभाग और प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में कठिनाई के कारण दमकल वाहनों को तैनात नहीं किया जा सका। इसके बजाय कर्मियों ने आग बुझाने के पारंपरिक उपकरणों का इस्तेमाल कर लपटों पर काबू पाने और आग को आगे फैलने से रोकने का प्रयास किया। प्रभावित सेक्टरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सुरक्षाबल अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों द्वारा स्थिति का फायदा उठाकर सीमा के इस ओर घुसपैठ करने की किसी भी संभावित कोशिश को नाकाम करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि दुर्गम भूभाग तथा धुएं और आग की लपटों के कारण दृश्यता कम होने के मद्देनजर सुरक्षाकर्मी वन क्षेत्रों और नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़