Delhi में भारी छूट के विज्ञापनों पर Food Safety Department की छापेमारी, 300 किलो घी जब्त

Delhi Food
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

त्योहारों के मद्देनजर दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर नकेल कसने के लिए कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। सोशल मीडिया पर एक के साथ एक मुफ्त और 60 फीसदी छूट के विज्ञापनों का संज्ञान लेकर यह कार्रवाई की गई। जांच टीमों ने विकासपुरी और हस्तसाल समेत अन्य इलाकों से सैकड़ों किलो घी और मिठाइयों के नमूने एकत्र किए हैं।

दिल्ली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए भारी छूट का विज्ञापन देने वाली कई दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया तथा 300 किलोग्राम से अधिक घी जब्त किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि सोशल मीडिया पर ‘एक के साथ एक मुफ्त’ और 60 प्रतिशत तक छूट के विज्ञापनों का संज्ञान लेने के बाद यह कार्रवाई की गई। बयान में कहा गया है कि विकासपुरी स्थित ‘मैक्सकार्ट’ और ‘अग्रवाल स्टोर’ से विभिन्न ब्रांड के घी के पांच नमूने और अन्य खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लिए गए।

इसमें कहा गया है कि इस दौरान 75.53 लीटर घी जब्त किया गया। बयान के अनुसार, हस्तसाल गांव स्थित अग्रवाल स्टोर से तीन ब्रांड के घी के नमूने लिए गए और 246 किलोग्राम घी जब्त किया गया। बयान के मुताबिक, आजाद मार्केट की लाइब्रेरी रोड पर ‘वीकोन इंटरनेशनल’ के नाम से कारोबार करने वाले साहिब संस प्रतिष्ठान से चीनी से बनी मिठाई के दो नमूने लिए गए।

इनके लेबल पर गलत जानकारी होने के संदेह में नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया। सीएमओ ने बताया कि लाजपत नगर स्थित जैन स्टोर से मखाना और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। वहीं, रिठाला स्थित युग बास्केट प्राइवेट लिमिटेड से दो किस्म के बिस्कुट, सॉफ्ट कैंडी और चीनी से बनी कैंडी के नमूने एकत्र किए गए।

बयान में कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में कई कमियां पाई गईं और संबंधित मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से किसी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार मिलावट, घटिया गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद उनकी बिक्री और गलत लेबलिंग पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़