Punjab Assembly में झोटा हत्याकांड पर Congress का हंगामा, CM मान के इस्तीफे की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब विधानसभा के दूसरे दिन कांग्रेस विधायकों ने मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मुद्दा उठाकर सदन की कार्यवाही बाधित की। विपक्षी दल ने काले स्कार्फ पहनकर नारेबाजी की और आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ लानत पत्र दिखाया। सत्ता पक्ष की ओर से भी तीखा पलटवार किए जाने के बाद कांग्रेस सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया।

पंजाब विधानसभा में शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया, जब कांग्रेस विधायकों ने मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की। पंजाब विधानसभा के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने झोटा की हत्या का मुद्दा सदन में उठाया। विधानसभा अध्यक्ष ने बाजवा से प्रश्नकाल शुरू होने देने को कहा, जिसके बाद विपक्ष के नेता और अन्य विपक्षी विधायक अपनी सीटों से खड़े हो गए और आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

काले स्कार्फ पहने कांग्रेस विधायक सदन के बीचोंबीच पहुंच गए और नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या को लेकर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करने लगे। उन्होंने कानून-व्यवस्था और नशे की समस्या समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर ‘आप’ सरकार के खिलाफ ‘लानत पत्र’ भी दिखाया जिसमें सरकार की निंदा की गई थी। विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने कांग्रेस विधायकों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील की, लेकिन विपक्षी विधायक ‘आप’ सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

इसके जवाब में सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी कांग्रेस पर पलटवार किया। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 1984 के सिख-विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस को निशाने पर लिया। चीमा ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के शिरोमणि अकाली दल के साथ पुराने जुड़ाव की भी आलोचना की।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में अकाली दल के शासन के दौरान ही ‘चिट्टा’ (मिलावटी हेरोइन) का प्रसार हुआ था। कांग्रेस सदस्यों का विरोध जारी रहने पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। एक समय वित्त मंत्री चीमा और कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा एक-दूसरे की ओर उंगली उठाते हुए दिखाई दिए।

जालंधर कैंट से विधायक और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने सत्ता पक्ष से ‘लानत पत्र’ स्वीकार करने को कहा। शोर-शराबे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में व्यवस्था बनाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी कोशिश सफल होती हुई नहीं दिखी। बाद में कांग्रेस विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया।

नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर झोटा मादक द्रव्यों के दुरुपयोग और दवा की दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। 13 अक्टूबर को मानसा के एक व्यस्त बाजार में स्थित एक दवा की दुकान के अंदर दिनदहाड़े उन्हें गोली मार दी गई थी। दवा की दुकान के मालिक अश्वनी कुमार ने कथित तौर पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीली दवाएं बेचने पर झोटा द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद उन पर गोली चलाई थी।

उसे राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया गया। झोटा फेसबुक लाइव कर रहे थे, तभी यह घटना हुई। इससे पंजाब में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़