Krishna Nagar के सरकारी स्कूल में छात्रा की मौत पर DCPCR सख्त, दो हफ्ते में मांगी रिपोर्ट

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पूर्वी दिल्ली के सर्वोदय कन्या विद्यालय में 12वीं की छात्रा द्वारा कथित तौर पर आग लगाकर जान देने के मामले में बाल अधिकार आयोग ने जांच शुरू की है। आयोग ने शिक्षा निदेशक और पुलिस अधिकारियों से सवाल किया है कि छात्रा बैग में पेट्रोल लेकर स्कूल परिसर में कैसे दाखिल हुई। घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट और बोतल बरामद कर पुलिस भी पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (डीसीपीसीआर) ने पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा द्वारा कथित तौर पर खुद को आग लगाकर आत्महत्या किए जाने की खबर पर स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने संबंधित अधिकारियों से दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। आयोग की कार्यवाही के अनुसार, छात्रा कथित तौर पर अपने स्कूल बैग में एक बोतल में पेट्रोल भरकर लाई थी।

वह अपने साथ एक सुसाइड नोट भी लाई थी। इसके बाद उसने विद्यालय के सुरक्षा गार्ड के कमरे के पास खुद को आग लगा ली। इसके अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट और बोतल बरामद की है।

वह उन परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिनके कारण छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया। आयोग ने कहा कि यदि मीडिया की खबरों में सामने आई बातें सच हैं, तो यह घटना विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। डीसीपीसीआर ने इस बात पर भी चिंता जताई कि छात्रा विद्यालय में ज्वलनशील पदार्थ कैसे ले जा सकी और खुद को आग लगाने में कैसे कामयाब रही।

यह घटना विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में संभावित खामियों की ओर भी इशारा करती है। डीसीपीसीआर ने शिक्षा निदेशक, विद्यालय के प्रधानाचार्य, उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त और कृष्णा नगर पुलिस थाने के प्रभारी को आदेश प्राप्त होने के दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार को कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में हुई।

छात्रा सुरक्षा गार्ड के कमरे के पीछे गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में मिली थी। उसे डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा के बैग से कथित तौर पर बरामद तीन पन्नों के सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़