CPIM महासचिव MA Baby बोले, राज्यों में स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से तय होंगे INDIA गठबंधन के फैसले

माकपा महासचिव एम ए बेबी ने कोलकाता में स्पष्ट किया कि भाजपा से मुकाबले के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी समन्वय बना है, मगर चुनावी रणनीति हर राज्य में भिन्न होगी। सीताराम येचुरी फाउंडेशन के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस से मुकाबला करने के बावजूद पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर साथ है, वहीं पश्चिम बंगाल में तृणमूल से गठबंधन का निर्णय राज्य समिति ने परिस्थितियों के आधार पर लिया है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों के बीच राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया गया था, लेकिन अलग-अलग राज्यों में राजनीतिक फैसले वहां की परिस्थितियों के अनुसार लिए जाएंगे। सीताराम येचुरी फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में बेबी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना को लेकर पार्टी का रुख दोहराया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की संस्थापक ममता बनर्जी के भाजपा विरोधी सभी ताकतों से एकजुट होने की अपील करने से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘फासीवादी प्रवृत्तियों वाला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) केंद्र की सत्ता में काबिज भाजपा को नियंत्रित करता है।
इस खतरे का मुकाबला करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया गया था। माकपा इसका हिस्सा है। हालांकि, हर राज्य की परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं और फैसले उसी के अनुसार लिए जाते हैं।’’ पश्चिम बंगाल में तृणमूल के साथ गठबंधन की संभावना पर बेबी ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई ने वहां की राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया है।
उन्होंने कहा, हम केरलम में कांग्रेस के खिलाफ लड़ रहे हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर ‘इंडिया’ गठबंधन में उसके साथ हैं। इसी तरह पश्चिम बंगाल में पार्टी की राज्य समिति ने वहां की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया है।
अन्य न्यूज़














