Aamir Shaukeen को त्रिपुरा के युवक से नस्लीय दुर्व्यवहार मामले में एक दिन की न्यायिक हिरासत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली की एक अदालत ने पूर्वोत्तर के युवक का अपमान करने के आरोपी कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को शुक्रवार को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लेकर उसे गिरफ्तार किया था। मामले की जांच पुलिस की विशेष साइबर इकाई आईएफएसओ कर रही है।

दिल्ली की एक अदालत ने त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित तौर पर नस्ली दुर्व्यवहार और अपमान करने के मामले में कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को शुक्रवार को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद बृहस्पतिवार को शौकीन को गिरफ्तार किया था। वीडियो में कथित तौर पर वह त्रिपुरा के एक युवक के साथ नस्ली दुर्व्यवहार और अपमान करते हुए दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने इस वीडियो का स्वत: संज्ञान लिया था। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) इकाई कथित नस्ली दुर्व्यवहार के वायरल वीडियो की जांच कर रही है। ‘पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए विशेष पुलिस इकाई’ (एसपीयूएनईआर) ने आईएफएसओ इकाई को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर वीडियो की जांच करने के लिए कहा है।

यह घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वीडियो की व्यापक निंदा के बीच सामने आया। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस घटना के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह वीडियो कथित तौर पर करीब एक महीने पहले अहमदाबाद में रिकॉर्ड किया गया था और मामले में सात से आठ लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़