22 राज्यों के 5,000 से अधिक महिला पुरुष धावकों के जुटने की उम्मीद, चार लाख रुपये से अधिक की नक़द पुरस्कार राशि

मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं सतना जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जी ने भी अपना शुभकामना संदेश भेजा है। आयोजन में मध्य प्रदेश शासन की मंत्री प्रतिमा बागरी जी, सतना के लोकप्रिय सांसद गणेश सिंह जी तथा सतना के महापौर योगेश कुमार ताम्रकार जी की विशेष उपस्थिति रहेगी।
सतना। पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास द्वारा आयोजित सतना हाफ मैराथन: 2026 के सातवें संस्करण की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। भारत सरकार के फिट इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित होने वाली यह मैराथन खेल, स्वास्थ्य, सामाजिक समरसता और क्षेत्रीय गौरव का एक महत्त्वपूर्ण आयोजन है। इसमें देश के 22 राज्यों से 5,000 से अधिक महिला एवं पुरुष धावकों के भाग लेने की अपेक्षा है। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ सतना की पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है।
मैराथन में पाँच किलोमीटर, दस किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। रविवार प्रातः छह बजे वरिष्ठ अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए खेल प्रबंधन, प्रतिभागियों की सुविधाओं, तकनीकी व्यवस्था, चिकित्सा सहायता और मीडिया कवरेज सहित सभी प्रमुख पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
देश के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के शुभकामना संदेश
सतना हाफ मैराथन को देश के अनेक प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, खिलाड़ियों और अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों के शुभकामना संदेश प्राप्त हुए हैं। इनमें डॉ. मोहन यादव जी (मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश), केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव जी, राजेन्द्र शुक्ल जी (उप मुख्यमंत्री), ब्रजेश पाठक (उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश), मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग जी, मध्य प्रदेश शासन के मंत्री लखन पटेल जी तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश (जेपी) जी, नई दिल्ली, सुप्रसिद्ध कथावाचक श्रद्धेय अजय भाई जी, संजय वर्मा (फिल्म अभिनेता), अभय महाजन (संगठन सचिव) दीनदयाल शोध संस्थान, प्रमुख हैं।
इसके अतिरिक्त सतना हाफ मैराथन की ब्रांड एंबेसडर एवं तीन बार की एशियाई चैंपियनशिप विजेता डॉ. सुनीता गोदारा जी, फिल्म अभिनेता श्री युवराज कुमार जी, इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के उपाध्यक्ष श्री संजीव कुमार जी तथा उरई के विधायक श्री गौरीशंकर वर्मा जी सहित जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों व अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने आयोजन के प्रति शुभकामनाएँ व्यक्त की हैं।
मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं सतना जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जी ने भी अपना शुभकामना संदेश भेजा है। आयोजन में मध्य प्रदेश शासन की मंत्री प्रतिमा बागरी जी, सतना के लोकप्रिय सांसद गणेश सिंह जी तथा सतना के महापौर श्री योगेश कुमार ताम्रकार जी की विशेष उपस्थिति रहेगी। सभी अतिथियों द्वारा मैराथन धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। जिले के अन्य सम्माननीय जनप्रतिनिधियों व शुभचिंतकों, खिलाड़ियों की सहभागिता भी रहेगी।
21 किलोमीटर के मार्ग पर पेयजल, एनर्जी ड्रिंक और चिकित्सा सहायता
धावकों की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 21 किलोमीटर के मार्ग पर दोनों ओर पीने के पानी तथा एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल वाहन तैनात रहेंगे। आयोजन स्थल पर फिजियोथेरेपिस्ट भी उपस्थित रहेंगे, जो खिलाड़ियों को आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।
आयोजकों का प्रयास है कि प्रतिभागियों को दौड़ के दौरान आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हों और संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। प्रतिभागियों से भी अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार दौड़ें तथा किसी प्रकार की अनावश्यक जल्दबाजी न करें।
आधुनिक तकनीक से होगी समय की गणना:
इस मैराथन में सभी प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट, एनर्जी ड्रिंक और आरएफआईडी आधारित टाइमिंग टैग की व्यवस्था की जा रही है। एडिफाई स्पोर्ट्स कंपनी द्वारा आयोजन की तकनीकी एवं खेल प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाएँ संभाली जाएँगी।
आरएफआईडी टाइमिंग टैग और निर्धारित डिजिटल रीडिंग पॉइंट्स की सहायता से धावकों के समय का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी का आधिकारिक समय निर्धारित टाइमिंग प्रणाली के अनुसार दर्ज होगा, जिससे परिणामों को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से तैयार करने में सहायता मिलेगी।
महिला धावकों के लिए पाँच किलोमीटर दौड़ में निःशुल्क पंजीयन:
महिलाओं की खेलों में भागीदारी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पाँच किलोमीटर की दौड़ में सभी महिला धावकों के लिए निःशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है। यह विशेष पहल स्वर्गीय श्रीमती शांति मिश्रा जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से की गई है।
इस पहल के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को फिटनेस, नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था:
देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों की सुविधा के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है। बाहर से आने वाले पुरुष धावकों के ठहरने की व्यवस्था बूटीबाई अग्रवाल हायर सेकेंडरी स्कूल एवं बूटीबाई अग्रवाल सभागार, जवाहर नगर में की जाएगी। महिला धावकों के लिए शासकीय वेंकट उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र. -1 के छात्रावास में आवास की व्यवस्था रहेगी।
आयोजकों द्वारा प्रतिभागियों के ठहरने और भोजन की आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
व्यंकट मैदान में तैयारियाँ तेज, दिल्ली से पहुँचेगी एडिफाई स्पोर्ट्स की टीम:
मैराथन के संयोजक श्री रविशंकर द्विवेदी ने बताया कि शासकीय वेंकट उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के मैदान में पंडाल की व्यवस्था कर दी गई है। मंच सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन स्थल को प्रतिभागियों और अतिथियों की सुविधा के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार प्रातः दिल्ली से एडिफाई स्पोर्ट्स कंपनी की टीम सतना पहुँचेगी। टीम द्वारा प्रतिभागियों के पंजीयन, किट एवं टी-शर्ट वितरण सहित संबंधित व्यवस्थाएँ की जाएँगी। सभी संबंधित व्यक्तियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने निर्धारित सिस्टम एवं आवश्यक उपकरणों के साथ समय पर उपस्थित रहें।
अनेक टीवी चैनलों पर होगा सीधा प्रसारण:
सतना हाफ मैराथन को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से इसका सीधा प्रसारण विभिन्न टीवी चैनलों और मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। इनमें विशेष रूप से एसडी संगम चैनल, नई दिल्ली; सुदर्शन चैनल, नई दिल्ली; डिजियाना चैनल, भोपाल; तथा नेशनल दर्पण, नई दिल्ली सहित अनेक चैनलों के नाम शामिल हैं।
आयोजन के विभिन्न स्थलों से लाइव कवरेज की जिम्मेदारी अलग-अलग व्यक्तियों को सौंपी गई है। दिल्ली, मुंबई और भोपाल सहित विभिन्न शहरों से मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के आने की संभावना है। इसके माध्यम से सतना की खेल गतिविधियों, स्थानीय संस्कृति और आयोजन की विशेषताओं को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।
मैराथन मार्ग पर ड्रोन के माध्यम से पुष्पवर्षा की भी योजना है। सतना नगर के नागरिक धावकों के स्वागत एवं उत्साहवर्धन के लिए तैयार हैं। आयोजन को यादगार बनाने के लिए स्वागत, मंच संचालन और अन्य गतिविधियों की तैयारियाँ भी की जा रही हैं।
प्रसिद्ध एंकर द्वारा जुम्बा एवं वार्म-अप गतिविधियाँ होंगी:
दौड़ प्रारंभ होने से पहले प्रसिद्ध एंकर एवं विजेता श्रीमती अनुप्रिया सिन्हा जी द्वारा जुम्बा और अन्य मनोरंजक फिटनेस गतिविधियाँ कराई जाएँगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य धावकों में उत्साह बढ़ाना और उन्हें दौड़ के लिए शारीरिक रूप से तैयार होने में सहायता करना है।
विजेताओं को चार लाख रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार:
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चार लाख रुपये से अधिक की कुल नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ विजेताओं को मेडल, स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। तीन अलग-अलग दूरी की दौड़ के माध्यम से विभिन्न स्तरों के धावकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
बुंदेलखंड और विंध्य की संस्कृति को जोड़ने का प्रयास:
सतना हाफ मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बुंदेलखंड एवं विंध्य क्षेत्र की संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं को जोड़ने का भी एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है। इस आयोजन के माध्यम से खेल भावना, सामाजिक एकता, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सतना हाफ मैराथन का सातवाँ संस्करण इस क्षेत्र में निरंतर बढ़ती खेल गतिविधियों का प्रतीक है। आयोजन से संबंधित जानकारी के अनुसार, सतना हाफ मैराथन के कॉपीराइट का पंजीकरण पं. गणेश प्रसाद मिश्रा सेवा न्यास के नाम पर कराया गया है। लगातार आयोजन के माध्यम से सतना को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा इसे व्यापक खेल मंच पर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
ए.के.एस. यूनिवर्सिटी, सतना के श्री अनंत कुमार सोनी जी की विशिष्ट उपस्थिति रहेगी। इसके अतिरिक्त पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास से जुड़े देश-विदेश में रहने वाले अनेक सहयोगी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
स्वस्थ सतना, सशक्त युवा और खेलों के प्रति जागरूक समाज का संकल्प:
पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करना, युवाओं को खेलों से जोड़ना, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और सतना की सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान को व्यापक बनाना है।
आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, खेल प्रेमियों और नागरिकों से अपील की है कि वे उत्साहपूर्वक आयोजन में सहभागी बनें और देशभर से आने वाले धावकों का स्वागत करें। सतना हाफ मैराथन: 2026 को फिटनेस, खेल भावना, सामाजिक सहभागिता और क्षेत्रीय गौरव के एक यादगार उत्सव के रूप में आयोजित करने की तैयारियाँ की जा रही हैं।
अन्य न्यूज़













