पंजाब चुनाव के लिए Congress की बैठक, Sachin Pilot ने साफ छवि और युवाओं पर दिया जोर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चंडीगढ़ में पंजाब चुनाव समिति की पहली बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन और रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। राज्य प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि सभी 117 सीटों से मिले सुझाव स्क्रीनिंग कमेटी और केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे जाएंगे। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी और प्रताप सिंह बाजवा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस की पंजाब चुनाव समिति ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों पर चर्चा के संबंध में मंगलवार को अपनी पहली बैठक की, जिसमें कांग्रेस महासचिव और राज्य प्रभारी सचिन पायलट ने उम्मीदवारों की साफ छवि होने तथा युवाओं को अधिक अवसर दिए जाने पर जोर दिया। पायलट ने बताया कि सभी 117 सीट के लिए सुझाव मांगे गए हैं। इन्हें स्क्रीनिंग कमिटी को भेजा जाएगा, जबकि कौन किस सीट से चुनाव लड़ेगा, इस पर अंतिम फैसला केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) लेगी।

पायलट के अलावा, इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह, सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा सहित राज्य चुनाव समिति के सभी सदस्य शामिल हुए। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। विचार-विमर्श में पंजाब में कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने, जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करने, चुनाव प्रचार की रूपरेखा तैयार करने और जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने कहा कि सभी नेताओं ने चुनाव प्रचार और उम्मीदवारों के चयन को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ‘‘सभी वरिष्ठ नेताओं, हमारे सभी सांसदों और कार्य समिति के सदस्यों ने अपनी राय रखी। अगले चरण में पंजाब चुनाव समिति की सिफारिशें स्क्रीनिंग कमिटी के पास भेजी जाएंगी।

मोटे तौर पर आज हम सभी ने यह फैसला किया है कि अपनी रिपोर्ट, फीडबैक और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श के आधार पर अपने सुझाव एआईसीसी को सौंपेंगे।’’ पायलट ने कहा कि पंजाब चुनाव समिति से मिली जानकारी से पता चलता है कि पार्टी के पास मजबूत उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम अच्छी और साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारना चाहते हैं। हम अपने अनुभवी वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ युवाओं को भी अधिक अवसर देने की कोशिश करेंगे।’’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले राज्य के लोगों की आवाज मजबूती से उठाने और उनके मुद्दों एवं अधिकारों के लिए लड़ने के वास्ते कांग्रेस के पूरे नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर खड़ा होना होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़