Cabinet ने PM Gram Swaraj Yojana के लिए 7395 करोड़ मंजूर किए

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना के वास्ते 7,395 करोड़ रुपये की धनराशि को स्वीकृति प्रदान की है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस कदम से पंचायतें अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार विकास योजनाएं तैयार कर सकेंगी। इसके तहत निर्वाचित प्रतिनिधियों को शासन और कामकाज से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को ‘प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना’ के लिए 7,395 करोड़ रुपये के आवंटन को मंजूरी दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे पहले से तय योजनाओं से हटकर स्थानीय स्तर पर क्षमता निर्माण और योजना बनाने पर केंद्रित मॉडल की ओर बड़ा बदलाव बताया। वैष्णव ने कहा कि इस योजना से पंचायतें अपने उपलब्ध संसाधनों और विकास में आने वाली बाधाओं की पहचान कर सकेंगी और अपनी विशिष्ट जरूरतों के आधार पर विकास योजनाएं तैयार कर सकेंगी।

मंत्री ने कहा, ‘‘यह एक बड़ा बदलाव है।’’ उन्होंने बताया कि इस दृष्टिकोण के तहत स्थानीय संस्थाओं को अपनी विकास योजनाएं बनाने में सक्षम बनाने पर जोर दिया जाएगा। वैष्णव ने बताया कि इस योजना के एक प्रमुख उद्देश्य के तहत निर्वाचित प्रतिनिधियों के कामकाज और शासन संबंधी क्षमताओं में सुधार के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत वित्त आयोग के अनुदानों का बेहतर उपयोग करने और पंचायतों के अपने राजस्व के स्रोतों को बढ़ाने के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकें।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़