Disha Salian मामले में FIR दर्ज कर पिता का बयान लेगी CBI, हाईकोर्ट ने दिए आदेश

Bombay High
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बॉम्बे हाईकोर्ट ने सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है। अदालत ने मुंबई पुलिस को जांच से जुड़े सभी दस्तावेज तुरंत सीबीआई को सौंपने के लिए कहा है। इसके साथ ही सीबीआई को मृतका के पिता का बयान दर्ज करने और जांच के बाद अदालत में रिपोर्ट पेश करने का आदेश मिला है।

बंबई उच्च न्यायालय ने सेलिब्रिटी प्रबंधक रहीं दिशा सालियान की मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने का आदेश दिया है। उनके पिता ने 2020 में हुई उनकी मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताया था। न्यायमूर्ति सारंग कोतवाल और न्यायमूर्ति रंजीतसिंह राजा भोंसले की पीठ ने कहा कि सीबीआई प्राथमिकी दर्ज करे और मृतक के पिता सतीश सालियान का बयान दर्ज करे।

हालांकि, जांच के दौरान किसी व्यक्ति के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने तक उसे आरोपी नहीं माना जाएगा। अदालत ने मुंबई पुलिस को आदेश दिया कि वे मामले से जुड़े सभी कागजात तुरंत सीबीआई को सौंप दें। पीठ ने कहा, ‘‘अगर जांच में पता चलता है कि कोई मामला नहीं बनता है, तो सीबीआई संबंधित अदालत के समक्ष उचित अंतिम रिपोर्ट दाखिल करेगी।’’ अदालत ने कहा कि सतीश सालियान को उस रिपोर्ट को चुनौती देने की आजादी होगी।

इसे भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ सरकार ने बाघों के अवैध शिकार मामले की सीबीआई जांच की मांग की

मुंबई के मलाड इलाके में आठ जून 2020 को एक रिहायशी इमारत की 14वीं मंजिल से गिरकर दिशा सालियान की मौत हो गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी। जांच के बाद पुलिस ने दावा किया कि दिशा सालियान की मौत आत्महत्या का मामला है।

इसे भी पढ़ें: CBI ने वाप्कोस के पूर्व डिप्टी चीफ इंजीनियर पंकज दुबे पर दर्ज किया नया केस

हालांकि उनके पिता ने पिछले साल उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर आरोप लगाया कि उनकी बेटी से सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई थी। सतीश सालियान के वकील नीलेश ओझा ने इस मामले में पुलिस की जांच पर सवाल उठाए थे। सालियान ने अपनी बेटी की मौत की सीबीआई जांच और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी।

अपनी याचिका में उन्होंने दावा किया कि जून 2020 में उनकी बेटी संदिग्ध हालात में मृत पाई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई थी और बाद में कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए राजनीतिक रूप से मामले को दबाने की कोशिश की गई थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़