1984 सिख दंगों पर Chandigarh में BJP का सम्मेलन, रविशंकर प्रसाद करेंगे संबोधित

भारतीय जनता पार्टी चार नवंबर को चंडीगढ़ में 1984 के पीड़ितों की याद और न्याय की लड़ाई पर विशेष सम्मेलन आयोजित कर रही है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य नयी पीढ़ी को उस त्रासदी से अवगत कराना है। कार्यक्रम की शुरुआत एक फोटो प्रदर्शनी से होगी और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद मुख्य वक्ता होंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चार नवंबर को चंडीगढ़ में ‘जख्म 84 दे’ नाम से एक सम्मेलन आयोजित करेगी, जिसका उद्देश्य नयी पीढ़ी को 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों की पीड़ा से अवगत कराना और इस बारे में जागरूकता बढ़ाना है। पार्टी की पंजाब इकाई के प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1984 के सिख विरोधी नरसंहार के जख्म समय के साथ नहीं भरे और चार दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह त्रासदी भारत के इतिहास का एक दर्दनाक अध्याय बनी हुई है।
ढिल्लों ने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य केवल इतिहास के उस दुखद अध्याय को याद करना ही नहीं बल्कि नरसंहार से जुड़े तथ्यों, पीड़ितों के संघर्ष, न्याय के लिए उनकी दशकों लंबी लड़ाई और उनके पुनर्वास के प्रयासों से नयी पीढ़ी को अवगत कराना भी है। भाजपा नेता ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज को इतिहास से सीखने, पीड़ितों की पीड़ा समझने और लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा न्याय प्रक्रिया में जवाबदेही के महत्व को पहचानने का अवसर मिलता है। ढिल्लों ने बताया कि सम्मेलन की शुरुआत एक विशेष प्रदर्शनी से होगी, जिसमें तस्वीरों के माध्यम से 1984 के नरसंहार से जुड़ी घटनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा और उनका दस्तावेजीकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में उद्घाटन सत्र के बाद चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद उद्घाटन सत्र में मुख्य संबोधन देंगे। प्रसाद ने सज्जन कुमार मामले से जुड़ी उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय की कार्यवाही में 1984 के नरसंहार के पीड़ितों का पक्ष रखा था।
अन्य न्यूज़













