Jammu में आग प्रभावित व्यापारियों को तत्काल मुआवजा दे प्रशासन, BJP ने उठाई मांग

Jammu में आग प्रभावित व्यापारियों को तत्काल मुआवजा दे प्रशासन, BJP ने उठाई मांग
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू के शिव मार्केट और नेहरू मार्केट गोदाम क्षेत्र में आग से प्रभावित दुकानदारों के लिए तुरंत वित्तीय राहत की मांग की है। पार्टी प्रवक्ता परिमोक्ष सेठ ने कहा कि नुकसान का तेजी से आकलन करने के लिए एक विशेष टीम बनाई जाए।

जम्मू, नौ नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट और नेहरू मार्केट के गोदाम क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं से प्रभावित व्यापारियों, दुकानदारों और अन्य लोगों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। आग लगने की इन दोनों घटनाओं में बड़े पैमाने पर हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए भाजपा प्रवक्ता परिमोक्ष सेठ ने सोमवार को कहा कि प्रभावित व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और उनके कारोबार पर निर्भर कई परिवारों के सामने अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, जम्मू-कश्मीर सरकार को तत्काल नुकसान का आकलन करना चाहिए और प्रभावित व्यापारियों को बिना किसी देरी के पर्याप्त आर्थिक मुआवजा देना चाहिए।

सेठ ने कहा कि 25 अक्टूबर को शिव मार्केट में लगी भीषण आग में करीब 40 दुकानें जलकर खाक हो गई थीं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके मंत्रियों ने प्रभावित इलाके का दौरा किया था, लेकिन अब तक मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है। इससे प्रभावित व्यापारियों को कोई राहत नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि बीती रात गोदाम क्षेत्र में लगी आग से भी कारोबारी समुदाय को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री केवल घटनास्थल का दौरा करने के बजाय तत्काल मुआवजे की घोषणा करें। सेठ ने प्रभावित दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संपत्तियों का सर्वेक्षण करने के लिए एक विशेष आकलन दल गठित करने की भी मांग की।

उन्होंने व्यापारियों को अपना कारोबार फिर से शुरू करने में मदद के लिए तत्काल अंतरिम राहत जारी करने का आग्रह किया। ऐसी घटनाओं को रोकने की जरूरत पर बल देते हुए भाजपा नेता ने वाणिज्यिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। इसमें पर्याप्त अग्निशमन सुविधाएं, आपातकालीन वाहनों के लिए सुलभ रास्ते, चालू अग्निशमन हाइड्रेंट और नियमित सुरक्षा निरीक्षण शामिल हैं।

उन्होंने प्रशासन से अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर खामियों की पहचान करने और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने का भी आग्रह किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़