मधुबनी में ASI ने सर्विस रिवॉल्वर से चलाई गोली, एक व्यक्ति की मौत और तीन घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बिहार के मधुबनी जिले में बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में सहायक अवर निरीक्षक चंद्र मोहन द्वारा की गई गोलीबारी में अशोक यादव की मौत हो गई। ग्रामीणों द्वारा एक महिला के घर में बंद किए जाने के बाद भागते समय आरोपी ने चार राउंड गोलियां चलाई थीं। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी एएसआई को निलंबित कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं।

मधुबनी, तीन नवंबर बिहार के मधुबनी जिले में एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से गोलीबारी कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी और तीन अन्य को घायल कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान अशोक यादव (50) के रूप में हुई है।

आरोपी एएसआई की पहचान चंद्र मोहन के रूप में हुई है, जो बाबूबरही इलाके में स्थित एक पुलिस चौकी पर तैनात था। घटना के बाद से वह फरार है। जिला पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब एक बजे बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में हुई।

कथित तौर पर एएसआई को ग्रामीणों ने एक महिला के घर के अंदर पकड़ा और एक कमरे में बंद कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, कमरे से निकलकर भागने की कोशिश के दौरान एएसआई ने अपनी सर्विस पिस्टल से चार गोलियां चलाईं, जिससे चार लोग घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, अशोक यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने आरोपी एएसआई को निलंबित कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया है।

उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि फरार एएसआई को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़