विपक्ष मुझे बदनाम करने और Punjab को फिर लूटने की ताक में: Bhagwant Mann

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बठिंडा में विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी नेता उन्हें बदनाम करने और राज्य के खजाने को फिर से लूटने का मौका तलाश रहे हैं। उन्होंने भाजपा और शिअद के संभावित गठबंधन पर तंज कसा और कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भी सवाल उठाए। मान ने दावा किया कि उनकी सरकार जनकल्याण पर लगातार धन खर्च कर रही है।

बठिंडा, छह सितंबर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को विपक्षी नेताओं पर उन्हें बदनाम करने की कोशिश करने और ‘‘वर्षों तक अपना खजाना भरने के बाद एक बार फिर पंजाब को लूटने’’ का मौका तलाशने का आरोप लगाया। बठिंडा के घुड्डा गांव में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दावा किया कि विपक्ष इस बात से परेशान है कि उनकी सरकार लोगों के कल्याण पर पैसा खर्च कर रही है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि दोनों पूर्व सहयोगी एक बार फिर गठबंधन की ओर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ नेता ‘‘मोदी कोटे’’ से हैं और कुछ ‘‘राहुल गांधी कोटे’’ से, जबकि वह अकेले ‘‘जनता के कोटे’’ से हैं। मान ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों का पंजाब और उसके लोगों के खिलाफ काम करने का ‘‘संदिग्ध रिकॉर्ड’’ रहा है और उनके कृत्यों को कभी माफ नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़, भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी), सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर, हरिके नहर, गणतंत्र दिवस की झांकियों, ग्रामीण विकास कोष (आरडीएफ) और सीमावर्ती क्षेत्र के कोष जैसे मुद्दों पर भाजपा ने हमेशा पंजाब के साथ अन्याय किया।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ‘‘काले कृषि कानूनों’’ के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान शहीद हुए पंजाब के 700 से अधिक किसानों के खून से भाजपा के हाथ रंगे हैं और पंजाब की जनता इसे कभी नहीं भूलेगी। कांग्रेस के रिकॉर्ड की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘इसी पार्टी ने श्री अकाल तख्त साहिब में टैंक भेजे थे।’’ मान ने आरोप लगाया कि पंजाब में सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में फैले नशे के खतरे को रोकने के लिए कुछ नहीं किया और बेअदबी की घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने में भी विफल रही। शिअद पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि अकाली दल सत्ता में लौटने के लिए भाजपा के साथ गठबंधन की ‘‘भीख मांग रहा है’’ और इस गठबंधन के पीछे न कोई विचारधारा है, न पंजाब के लिए दृष्टिकोण और न ही लोगों की चिंता।

शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर कटाक्ष करते हुए मान ने दावा किया कि वह जीवनभर सुख-सुविधाओं से घिरे सुरक्षित माहौल में रहे हैं और पंजाब की जमीनी हकीकत नहीं समझते। उन्होंने कहा कि बादल को राज्य की बुनियादी भौगोलिक जानकारी तक नहीं है और किसानों की समस्याओं की भी उन्हें बहुत कम जानकारी है। कांग्रेस में ‘‘अंदरूनी कलह’’ पर तंज कसते हुए मान ने कहा कि कांग्रेस नेता सत्ता के लिए आपस में लड़ रहे हैं, जबकि राज्य सरकार लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़