Assam STF ने फर्जी बैंक खातों से वित्तीय धोखाधड़ी मामले में छह लोगों को दबोचा

Assam STF ने फर्जी बैंक खातों से वित्तीय धोखाधड़ी मामले में छह लोगों को दबोचा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने केंद्रीय एजेंसियों से मिली सूचना के आधार पर गुवाहाटी से एक महिला सहित छह आरोपियों को पकड़ा है। जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि इस गिरोह के तार पाकिस्तान के खुफिया एजेंटों के साथ जुड़े हुए हैं।

गुवाहाटी, दो नवंबर फर्जी बैंक खातों के जरिए संगठित वित्तीय धोखाधड़ी गिरोह संचालित करने के आरोपों को लेकर यहां एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के तार पाकिस्तान के खुफिया एजेंटों से जुड़े होने का संदेह है।

केंद्रीय एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर, असम पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने एक अभियान चलाया और 28 अक्टूबर से अब तक गुवाहाटी के अलग-अलग इलाकों से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। असम पुलिस ने एक बयान में कहा कि एसटीएफ ने सोनितपुर जिला पुलिस की ओर से दायर एक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। बयान के अनुसार, ‘‘शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी मर्जिना बेगम के एसबीआई बैंक खाते में 22 जून से 5 अगस्त 2026 के बीच, यानी सिर्फ 47 दिनों में लाखों रुपये जमा हुए।

हर बार रकम जमा होने के तुरंत बाद ही उसे निकाल लिया गया, जो एक संदिग्ध पैटर्न की ओर इशारा करता है।’’ बयान में कहा गया है कि जांच से पता चला कि गुवाहाटी के रहने वाले मोफिजुल हक (22) और हिमांशु दास (19) संदिग्ध लेन-देन में शामिल थे। ये लेन-देन एक ऐसे खाते से हुए थे, जिसका संबंध पाकिस्तान के एक खुफिया एजेंट से होने का संदेह है। बयान के अनुसार, एसटीएफ ने 28 अक्टूबर को एक अभियान चलाया और बेगम समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

उनके पास से मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए। बयान में कहा गया है, ‘‘पूछताछ के दौरान मोफिजुल हक और हिमांशु दास ने इस गिरोह से जुड़े कई अन्य लोगों के नामों का खुलासा किया।’’ बयान के अनुसार, इन सुरागों के आधार पर, एसटीएफ ने तीन और लोगों को पकड़ा। रकीब हुसैन (34) को 29 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया, जबकि इफ्तार हुसैन (25) और अरमान हक (20) को 30 अक्टूबर को पकड़ा गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़