पूर्व सीएम Arjun Munda की मां का निधन, BJP का जनजातीय गौरव दिवस सम्मेलन टला

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 92 वर्ष की उम्र में जमशेदपुर के अस्पताल में निधन हो गया। इसके बाद चाईबासा में सोमवार को आयोजित होने वाला भाजपा का प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम स्थल पर न आने की अपील करते हुए जल्द नई तारीख घोषित करने की बात कही है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां के निधन के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस और कोल्हान प्रमंडल सम्मेलन सोमवार को स्थगित कर दिया गया। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। भाजपा की पश्चिमी सिंहभूम जिला समिति की अध्यक्ष गीता बालमुचू ने एक बयान जारी कर मुंडा की मां के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और चाईबासा एसोसिएशन मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की।
मुंडा की मां सायरा मुंडा (92) का सोमवार सुबह जमशेदपुर के एक अस्पताल में निधन हो गया। उम्र संबंधी बीमारियों के कारण उन्हें करीब दो सप्ताह पहले जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बालमुचू ने कहा कि दुख की इस घड़ी में भाजपा अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के साथ खड़ी है।
उन्होंने कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के पार्टी नेताओं, आमंत्रित अतिथियों, कार्यकर्ताओं और आदिवासी समुदाय के सदस्यों से कार्यक्रम स्थल पर नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की अगली तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।
अन्य न्यूज़














