Andhra Pradesh Urban Body Polls: बूथ कब्जे के आरोपों के बाद 12 केंद्रों पर Repolling शुरू

आंध्र प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने कथित बूथ कैप्चरिंग की शिकायतों के बाद छह शहरी स्थानीय निकायों के 12 मतदान केंद्रों पर सोमवार को दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल चंद्र पुनेठा ने रविवार देर रात प्रभावित बूथों के पुराने मतदान को निरस्त कर नए सिरे से वोटिंग कराने के निर्देश दिए थे। यह पुनर्मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा।
अमरावती, दो नवंबर आंध्र प्रदेश में एक नवंबर को हुए चुनाव के दौरान बूथ पर कथित कब्जे की रिपोर्ट के बाद सोमवार को छह शहरी स्थानीय निकायों के 12 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान शुरू हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने यह जानकारी दी। आयोग के अनुसार, पुनर्मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल चंद्र पुनेठा ने रविवार देर रात अलग-अलग आदेश जारी करके प्रभावित मतदान केंद्रों पर हुए मतदान को निरस्त घोषित किया और दो नवंबर को नए सिरे से मतदान कराने का निर्देश दिया। वाईएसआर कडप्पा जिले में तीन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हो रहा है। इनमें जम्मलमडुगु नगरपालिका के वार्ड संख्या तीन, 17 और 29 के मतदान केंद्र शामिल हैं।
इसके अलावा कडप्पा नगर निगम के वार्ड संख्या 15 के एक मतदान केंद्र पर भी दोबारा मतदान कराया जा रहा है। पुलिवेंदुला नगरपालिका के वार्ड संख्या एक, तीन, सात और आठ के चार मतदान केंद्रों पर भी नए सिरे से मतदान हो रहा है। जिला प्रशासन और जिला निर्वाचन प्राधिकार की ओर से मिली रिपोर्ट के बाद ये आदेश जारी किए गए।
रिपोर्ट में कहा गया था कि संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ पर कब्जा किया गया और मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिससे मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से वंचित रह गए। पलनाडु जिले की माचेरला नगरपालिका के वार्ड संख्या 23 के दो मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया गया है। वहीं, अनंतपुर जिले में अनंतपुरमू नगर निगम के वार्ड संख्या 30 के एक मतदान केंद्र पर नए सिरे से मतदान हो रहा है।
इसी तरह प्रकाशम जिले की चिमाकुर्ती नगरपालिका के वार्ड संख्या 14 के एक मतदान केंद्र पर भी पुनर्मतदान जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित जिलाधिकारियों और नगरपालिका निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को लिखित रूप से इसकी सूचना देने का निर्देश दिया था। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में पुनर्मतदान की व्यवस्था के बारे में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा था।
पुनर्मतदान में हिस्सा लेने वाले मतदाताओं के बाएं हाथ की मध्यमा उंगली पर अमिट स्याही लगाई जा रही है। आंध्र प्रदेश के 100 शहरी स्थानीय निकायों में रविवार को मतदान हुआ था। इस दौरान 60.3 प्रतिशत मतदान का अस्थायी आंकड़ा दर्ज किया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा था कि कुछ स्थानों से छिटपुट घटनाओं को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण रहा।
अन्य न्यूज़













